भूपेंद्र सिंह दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान
रीवा। नगर निगम वार्ड क्रमांक 4 अंतर्गत गुरुकुल मोड़ से नहर तक 18 वर्ष के लंबे अंतराल के बाद नाली निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया है। परंतु ठेकेदार की लापरवाही के चलते यह निर्माण कार्य क्षेत्रवासियों के लिए परेशानी का सबब बन गया है।
जानकारी के अनुसार लगभग 1 किमी लंबी नाली का निर्माण कार्य अत्यंत धीमी गति से किया जा रहा है। ठेकेदार द्वारा नाली खोदकर निकाली गई मिट्टी को 4 दिन से सड़क पर ही छोड़ दिया गया है, जिसके कारण मार्ग पूर्णतः अवरुद्ध हो गया है।
मिट्टी के ढेर के कारण क्षेत्र के नागरिकों का आवागमन बाधित है। अनेक परिवारों के वाहन 4 दिन से घरों में ही खड़े हैं। स्कूली छात्रों एवं मरीजों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यस्थल पर सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए हैं। न तो बैरिकेड लगाए गए हैं और न ही चेतावनी बोर्ड। खुली नाली में जलभराव के कारण आए दिन आवारा पशु गिर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।
स्थानीय रहवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य मानक स्तर का नहीं है। बिना बुनियाद तैयार किए ही नाली बनाई जा रही है, जिससे पहली बारिश में ही इसके ध्वस्त होने की आशंका है। वीडियो फुटेज में स्पष्ट है कि जनता की गाढ़ी कमाई का दुरुपयोग किया जा रहा है।
क्षेत्रवासियों ने नगर निगम आयुक्त एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि ठेकेदार पर तत्काल कार्रवाई कर कार्य में गति लाई जाए तथा सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







