दैनिक केसरिया हिंदुस्तान ब्यूरो चीफ मनीष कुमार कन्नौजिया
महराजगंज, 26 जून। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल की अध्यक्षता में 25 जून को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड, एनसीडी स्क्रीनिंग, आभा आईडी, संस्थागत प्रसव, ई–संजीवनी सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान अपेक्षित प्रगति न मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों के प्रति कड़ा रुख अपनाया। ई–संजीवनी पोर्टल पर एक भी टेली-कंसल्टेशन न करने वाले चिकित्साधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि प्रत्येक चिकित्साधिकारी प्रतिदिन कम से कम पांच टेली-कंसल्टेशन अवश्य करें।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरेंदा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.पी. सोनकर की एनसीडी कार्यक्रम, आयुष्मान भारत, आभा आईडी, टीकाकरण सहित अन्य योजनाओं में खराब प्रगति पर नाराजगी जताते हुए चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड निर्माण में लापरवाही मिलने पर बीसीपीएम फरेंदा बबीता शर्मा, बीसीपीएम सिसवा प्रदीप चौरसिया तथा बीसीपीएम परतावल अमित कुमार गौड़ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जुलाई माह तक एनसीडी स्क्रीनिंग का कम से कम 32 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जाए। साथ ही प्रत्येक ऑपरेटर आईडी से प्रतिदिन न्यूनतम 10 लाभार्थियों का ई-केवाईसी और 5 नए आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जाएं। उन्होंने एएनएम, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर एवं संगिनी आशाओं को विशेष रुचि लेकर लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने एसएनसीयू से डिस्चार्ज होने वाले सभी बच्चों का शत-प्रतिशत फॉलोअप सुनिश्चित करने, दस्तक अभियान के दौरान अधिक से अधिक आभा आईडी बनाने, जननी सुरक्षा योजना के लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण करने तथा आशाओं के भुगतान की प्रगति रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने जनपद के सभी कुष्ठ रोगियों की सूची तैयार कर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य आवासीय योजनाओं से लाभान्वित कराने की कार्ययोजना बनाने को कहा। खराब प्रदर्शन करने वाली तीन आशा, तीन संगिनी, तीन एएनएम एवं तीन कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसरों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में 1 जुलाई से शुरू होने वाले संचारी रोग उन्मूलन अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने, गांवों और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाने तथा घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को समय से उपस्थित होकर पूरी निष्ठा और जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद, सीएमएस डॉ. ए.के. द्विवेदी, डीडीओ भोलानाथ कन्नौजिया, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश द्विवेदी, बीएसए सुरजीत कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं एमओआईसी उपस्थित रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







