खुटहन,जौनपुर।उपचार के दौरान गुरुवार को छह माह की गर्भवती महिला की मौत के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आ गया है। घटना के दूसरे दिन मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. गंगाराम गौतम किरण अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कराई। उनके साथ डिप्टी सीएमओ व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक भी मौजूद रहे।जांच के दौरान अस्पताल का मुख्य गेट खुला मिला,लेकिन चिकित्सक व कर्मचारी नदारद रहे। कोई जिम्मेदार न मिलने पर सीएमओ ने अस्पताल भवन के निरीक्षण के साथ- साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी जुटाई।
सीएमओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया सामने आए तथ्यों की गहन जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले से टीम बनाकर किरण अस्पताल के अलावा इस क्षेत्र में चल रहे सभी अवैध अस्पतालों और पैथोलाजी की जांच कराई जाएगी।
उधर, पुलिस भी अपने स्तर से मामले की विवेचना में जुटी है। मृतका के पति की तहरीर पर चिकित्सक व कर्मचारियों के विरुद्ध गैर इरादतन हत्या सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्वास्थ्य विभाग की जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि सरपतहा थाना क्षेत्र के पट्टी नरेंद्रपुर गांव निवासी रिंकू माली की छह माह की गर्भवती पत्नी लक्ष्मी की बुधवार रात उपचार के दौरान मौत हो गई थी। परिजन उपचार में लापरवाही और नवजात का शव न सौंपने का आरोप लगाए।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







