महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल: 113 महिलाओं के बने नि:शुल्क लर्निंग लाइसेंस

SHARE:

केसरिया हिंदुस्तान सचिन दीक्षित विदिशा

विदिशा..महिलाओं को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा उन्हें सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर वाहन संचालन के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला परिवहन कार्यालय, विदिशा द्वारा आयोजित नि:शुल्क लर्निंग लाइसेंस शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कलेक्टर के निर्देशानुसार आयोजित इस विशेष शिविर में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुल 113 महिलाओं के लर्निंग लाइसेंस बनाए गए।
जिला परिवहन अधिकारी गिरजेश वर्मा ने बताया कि शिविर का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को वाहन चलाने के लिए आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया से जोड़ना तथा उन्हें सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक बनाना था। शिविर के दौरान परिवहन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महिला आवेदिकाओं को ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेज सत्यापन तथा ऑनलाइन टेस्ट संबंधी विस्तृत जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया।
परिवहन विभाग द्वारा संचालित ‘सारथी’ पोर्टल के माध्यम से लर्निंग लाइसेंस की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन संचालित की जाती है। महिलाओं को दोपहिया एवं चारपहिया वाहन के लर्निंग लाइसेंस के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं देना पड़ता है। आवेदन के बाद ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की जाती है, जिसमें 20 प्रश्न पूछे जाते हैं। इनमें 12 या उससे अधिक सही उत्तर देने पर आवेदिका उत्तीर्ण घोषित होती है और उसका लर्निंग लाइसेंस ऑनलाइन जारी कर दिया जाता है।शिविर में महिलाओं ने आधार कार्ड, मतदाता पहचान पत्र एवं जन्मतिथि संबंधी दस्तावेज प्रस्तुत कर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण की। विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने प्रत्येक आवेदिका को व्यक्तिगत रूप से सहयोग प्रदान किया, जिससे आवेदन से लेकर ऑनलाइन टेस्ट तक की पूरी प्रक्रिया सहज एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हो सकी।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित करने की दिशा में भविष्य में भी ऐसे विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने जिले की अधिक से अधिक महिलाओं से शासन द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस नि:शुल्क सुविधा का लाभ उठाने का आग्रह किया।
शिविर की सफलता में परिवहन विभाग के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके समर्पित प्रयासों के परिणामस्वरूप 113 महिला आवेदिकाओं के लर्निंग लाइसेंस सफलतापूर्वक बनाए जा सके, जिससे महिलाओं के सशक्तिकरण और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम आगे बढ़ा है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment