बिना काम कराए 40 लाख रुपये की फर्जी एमआईएस रिपोर्ट बनाने का आरोप,कराहल पंचायत के सहायक सचिव के खिलाफ कलेक्टर से जांच की मांग

SHARE:

नौशाद अहमद कुरेशी
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
मो. 9977365001

जनपद पंचायत कराहल की ग्राम पंचायत कराहल में पदस्थ सहायक सचिव संदीप तोमर पर तालाबों के निर्माण कार्यों में गंभीर वित्तीय अनियमितता और भ्रष्टाचार करने की नीयत से बिना निर्माण कार्य के एमआइएस तैयार किए जाने के आरोप लगे हैं। मामले में जिला कलेक्टर श्योपुर शीला दाहिमा को जनसुनवाई में शिकायत सौंपकर निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।
शिकायत पत्र के अनुसार कराहल मुख्यालय स्थित बड़े तालाब के पिचिंग कार्य का निर्माण आज तक शुरू नहीं हुआ है और मौके पर कार्य का कोई अस्तित्व नहीं है। इसके बावजूद सहायक सचिव संदीप तोमर द्वारा अपनी आईडी से मार्च माह में ही करीब 7.30 लाख रुपये की एमआईएस रिपोर्ट तैयार कर दी गई। आरोप है कि यह रिपोर्ट कार्य पूर्ण होने और भौतिक सत्यापन से पहले ही फर्जी तरीके से बनाई गई।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि ग्राम पंचायत कराहल के पांच तालाबों—बड़ा तालाब, रोहणी का तालाब, चक्क बिलेंडी का तालाब, बोहरे का तालाब और मुख्या का तालाब—से संबंधित लगभग 40 लाख रुपये की एमआईएस रिपोर्ट भी सहायक सचिव द्वारा अपनी आईडी से तैयार की जा चुकी है, जबकि मौके पर इन कार्यों का कोई अस्तित्व नहीं है।
शिकायतकर्ता धीरज परिहार का कहना है कि बिना कार्य कराए शासकीय अभिलेखों में कार्य प्रदर्शित करना शासकीय धनराशि के दुरुपयोग, कूटरचित दस्तावेज तैयार करने और भ्रष्टाचार का गंभीर मामला है। समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं होने पर शासन को आर्थिक क्षति पहुंचने की आशंका भी जताई गई है।
कलेक्टर से की गई शिकायत में मामले की उच्च स्तरीय जांच, बड़े तालाब के पिचिंग कार्य का स्थलीय सत्यापन, दोषी पाए जाने पर सहायक सचिव संदीप तोमर के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई तथा फर्जी एमआईएस रिपोर्ट तैयार करने में संबंधित इंजीनियरों एवं कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की गई है। शिकायत के साथ संबंधित कार्यों की एमआईएस रिपोर्ट और तालाबों की धरातलीय स्थिति की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई