दैनिक केसरिया हिंदुस्तान जिला ब्यूरो लोकेंद्र सोलंकी भितरवार
भितरवार। जनपद शिक्षा केंद्र भितरवार अंतर्गत जन शिक्षा केंद्र चीनोर में शासन की महत्वाकांक्षी साइकिल वितरण योजना के तहत छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। इस अवसर पर कुल 205 साइकिल प्राप्त कर लाभान्वित हुए। साइकिल मिलने के बाद विद्यार्थियों के चेहरों पर खुशी साफ दिखाई दी, वहीं अभिभावकों ने भी शासन की इस पहल की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के दौरान बीआरसी नरहरि मिश्रा ने छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से संवाद करते हुए साइकिल वितरण योजना की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए यह योजना बेहद लाभकारी है, क्योंकि इससे उन्हें विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी, समय की बचत होगी और शिक्षा के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से साइकिल का सुरक्षित उपयोग करने और नियमित रूप से विद्यालय पहुंचकर शिक्षा ग्रहण करने का आग्रह किया।
कार्यक्रम के सफल संचालन एवं साइकिल वितरण में साइकिल प्रभारी लक्ष्मी नारायण, प्रभारी बीएसी महेंद्र सिंह राजपूत तथा उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वितरण व्यवस्था को सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया, जिससे सभी हितग्राहियों को आसानी से साइकिलें उपलब्ध कराई जा सकीं।
इस अवसर पर उपस्थित विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने शासन की इस जनहितकारी योजना की प्रशंसा करते हुए कहा कि साइकिल मिलने से बच्चों की पढ़ाई में सुविधा होगी और विद्यालय तक पहुंचना आसान हो जाएगा। कई विद्यार्थियों ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए इसे उनके लिए एक प्रेरणादायक उपहार बताया।
कार्यक्रम में बीएसी मुकेश कुमार, महेंद्र सिंह राजपूत, एमआरसी निर्मल शर्मा एवं रणवीर जाट सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







