मोहन गुर्जर (मनोज)
8435117353
#दैनिक केसरिया हिंदुस्तान जिला ब्यूरो चीफ़
मंदसौर। जिले के ग्राम गुर्जरबर्डिया में लगातार हो रही बिजली कटौती से ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में दिनभर में 10 से 12 बार तक बिजली गुल हो जाती है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार बिजली जाने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली कटौती के संबंध में जब विद्युत विभाग के कर्मचारियों से जानकारी ली जाती है तो कई बार यह कहकर टाल दिया जाता है कि इतनी बार लाइन बंद नहीं हुई है। इससे लोगों में विभाग के प्रति असंतोष बढ़ता जा रहा है।
गांववासियों के अनुसार लगातार बिजली आने-जाने से घरेलू उपकरणों को नुकसान पहुंचने की आशंका बनी रहती है, वहीं पेयजल व्यवस्था, पढ़ाई और दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। गर्मी के इस मौसम में लंबे समय तक बिजली बंद रहने से लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है।
इस संबंध में गुर्जरबर्डिया ग्रिड के लाइनमैन धनीराम कुशरे ने बताया कि जहां भी विद्युत लाइन पर कार्य किया जाता है, वहां सुरक्षा की दृष्टि से बिजली आपूर्ति बंद करनी पड़ती है। दिनभर में जितने कार्य आते हैं, उसके अनुसार बिजली आपूर्ति प्रभावित होती है।
वहीं विद्युत मंडल के ऑपरेटर परशराम मीणा का कहना है कि निर्धारित परमिट के अतिरिक्त कई बार तकनीकी कारणों से लाइन ट्रिप हो जाती है। ऐसी स्थिति में बिजली आपूर्ति बाधित होना सामान्य प्रक्रिया है और इसमें तत्काल नियंत्रण संभव नहीं होता।
हालांकि ग्रामीणों का कहना है कि यदि रखरखाव और तकनीकी व्यवस्थाओं को बेहतर किया जाए तो बार-बार होने वाली बिजली कटौती पर काफी हद तक नियंत्रण पाया जा सकता है। ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले की जांच कर स्थायी समाधान निकालने तथा नियमित और सुचारु बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सामूहिक रूप से विद्युत विभाग के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर आंदोलन की राह भी अपना सकते हैं।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







