दैनिक केसरिया हिंदुस्तान/ ब्यूरो सिंगरौली अनुरोध शुक्ला
समीक्षा बैठक में कानून-व्यवस्था, अवैध गतिविधियों, यातायात सुरक्षा और लंबित प्रकरणों की हुई विस्तृत समीक्षा
सिंगरौली/सिंगरौली जिले में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और जनसुनवाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय स्थित रुस्तमजी कॉन्फ्रेंसिंग हॉल में अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक षियाज के.एम. ने की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा, नगर पुलिस अधीक्षक उमेश प्रजापति, एसडीओपी गौरव पाण्डेय, राहुल सैयाम सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने अपराधों की रोकथाम के लिए माइनर एक्ट एवं प्रतिबंधात्मक कार्रवाई बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने मारपीट और विवाद संबंधी मामलों में समय रहते धारा 107/116(3) के तहत कार्रवाई कर अपराधों की पुनरावृत्ति रोकने पर जोर दिया। अवैध शराब, मादक पदार्थों, जुआ-सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने तथा गंभीर मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
एसपी ने बीट प्रभारियों को अपने क्षेत्रों के अपराधियों, भूमि विवादों और संवेदनशील मामलों की अद्यतन जानकारी रखने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के लिए सक्रिय रहने को कहा। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए हेलमेट पहनने, यातायात नियमों के पालन और नियमित वाहन जांच अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में महिला अपराध, पॉक्सो एवं एससी-एसटी एक्ट के मामलों के त्वरित निराकरण, डायल-112 सेवाओं की प्रभावशीलता बढ़ाने, जनशिकायतों का समयबद्ध समाधान करने तथा सीसीटीएनएस और ई-विवेचना जैसे डिजिटल प्लेटफॉर्म के अधिकतम उपयोग के निर्देश दिए गए। अंत में एसपी ने सभी थाना प्रभारियों से जनविश्वास बढ़ाने और गुणवत्तापूर्ण पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी जिम्मेदारी और निष्ठा से कार्य करने का आह्वान किया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







