धर्मेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
ग्राम कांकर में पहली बार पहुंचे कलेक्टर, ग्रामीणों से सीधे संवाद कर जानी समस्याए,विदिशा जिले के कुरवाई तहसील क्षेत्र के ग्राम करमेडी, माला मेहलुआ, भौरासा एवं कांकर में आज कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने भ्रमण कर ग्रामीणों से सीधे संवाद स्थापित किया। इस दौरान उन्होंने गांवों में पहुंचकर आमजन की मूलभूत समस्याओं को सुना तथा संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निराकरण के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने भी अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से कलेक्टर को अवगत कराया।कलेक्टर श्री गुप्ता ने भ्रमण के दौरान ग्रामीणों से विभिन्न शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन एवं हितलाभ की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।ग्राम कांकर में कलेक्टर के पहुंचते ही ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि उनके गांव में पहली बार कोई कलेक्टर पहुंचे हैं। ग्रामीणों ने कलेक्टर का आत्मीय स्वागत करते हुए अपनी समस्याएं साझा कीं। कलेक्टर श्री गुप्ता ने गांव में शासकीय उचित मूल्य दुकान के माध्यम से वितरित किए जा रहे खाद्यान्न की गुणवत्ता की जानकारी ली तथा निर्देश दिए कि पात्र उपभोक्ताओं को बेहतर गुणवत्ता का गेहूं उपलब्ध कराया जाए।
ग्राम भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता ने गांव के वयोवृद्ध नागरिकों श्रीमती कला बाई अहिरवार एवं श्री पन्नालाल अहिरवार से मुलाकात की। उन्होंने दोनों की वृद्धावस्था पेंशन प्रारंभ कराने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।कलेक्टर श्री गुप्ता ने मेहलुआ चौराहा स्थित एकीकृत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय की लाइब्रेरी व्यवस्था का जायजा लिया तथा विद्यार्थियों के अध्ययन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य से अंग्रेजी भाषा की पुस्तकों की उपलब्धता एवं संधारण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराना प्राथमिकता है।ग्रामीणों ने कलेक्टर के इस दौरे को प्रशासन और आमजन के बीच संवाद बढ़ाने की सकारात्मक पहल बताया। ग्रामीणों का कहना था कि अधिकारियों के गांव में पहुंचने से समस्याओं का समाधान तेजी से संभव हो सकेगा।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







