दमोह में भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ता एवं फल व्यापारी पन्नालाल राय ने पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को फर्जी बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब ठेकेदार और कोतवाली थाना प्रभारी की मिलीभगत से उन्हें झूठे मामले में फंसाया गया है।
पन्नालाल राय ने बताया कि 9 अप्रैल 2026 को भगवती मानव कल्याण संगठन के कार्यकर्ताओं ने अवैध रूप से शराब परिवहन कर रहे लोगों को पुलिस की मदद से पकड़वाया था। इसी दौरान शराब माफियाओं और संगठन के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद एवं मारपीट की स्थिति बन गई थी। उनका आरोप है कि घटना के बाद शराब ठेकेदार के दबाव में पुलिस ने संगठन के लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया।
उन्होंने कहा कि एफआईआर में उन पर रॉड से हमला करने का आरोप लगाया गया है, जबकि घटना के वीडियो फुटेज में ऐसा कोई दृश्य दिखाई नहीं देता। पन्नालाल राय का दावा है कि वीडियो में कुछ लोग चाकू लिए नजर आ रहे हैं, लेकिन पुलिस ने उस पहलू की जांच नहीं की।
आवेदक ने बताया कि जिस समय घटना हुई, उस समय वह अपनी फल दुकान पर मौजूद थे। इसके समर्थन में उनके पास सीसीटीवी फुटेज और आसपास के लोगों की गवाही भी मौजूद है। बावजूद इसके उनका नाम मामले में जोड़ दिया गया।
उन्होंने एसपी से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जाए तथा उन्हें मामले से अलग किया जाए। साथ ही उन्होंने दोषी अधिकारियों और संबंधित लोगों पर कार्रवाई की मांग भी की है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







