हरीश कुमार पांडे/ जिला ब्यूरो
पीलीभीत। लगातार बढ़ रही गर्मी और आगामी दिनों में तापमान में और अधिक वृद्धि की संभावना को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक कुमार ने लोगों से सावधानी बरतने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की है। सीएमओ ने बताया कि वर्ष 2024 और 2025 में वैश्विक स्तर पर सामान्य से अधिक गर्मी दर्ज की गई थी और वर्ष 2026 में भी तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई है। भारतीय मौसम विभाग और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार आगामी दिनों में उत्तर प्रदेश में तापमान सामान्य से 2 से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने का अनुमान है, जबकि कुछ क्षेत्रों में यह 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक अधिक हो सकता है। उन्होंने कहा कि अत्यधिक गर्मी के संपर्क में आने से मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। इससे शरीर में रक्त परिसंचरण प्रभावित होता है और कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को हीट वेव और लू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां अपनाने की सलाह दी है। सीएमओ ने बताया कि लोग अधिक से अधिक पानी पिएं, हल्के रंग के सूती और पसीना सोखने वाले कपड़े पहनें तथा धूप में निकलते समय टोपी, छाता और चश्मे का प्रयोग करें। बाहर काम करने वाले लोग अपने शरीर को गीले कपड़ों से ढककर रखें और समय-समय पर आराम करें। यात्रा के दौरान अपने साथ पानी अवश्य रखें और ओआरएस, लस्सी, छाछ, नींबू पानी जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें। उन्होंने कहा कि हीट स्ट्रोक, चक्कर आना, सिरदर्द, कमजोरी, अधिक पसीना आना, बेहोशी और शरीर का तापमान बढ़ना जैसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग ने बच्चों और पालतू जानवरों को बंद गाड़ियों में न छोड़ने, दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक तेज धूप में बाहर निकलने से बचने तथा शराब, चाय, कॉफी और कार्बोनेटेड ड्रिंक्स के सेवन से परहेज करने की सलाह दी है। सीएमओ ने लोगों से अपील की कि गर्मी के मौसम में सतर्क रहें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन कर स्वयं एवं अपने परिवार को सुरक्षित रखें।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







