नूंह, 22 मई – नीरज सोनी तावडू दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान। अतिरिक्त उपायुक्त एवं सीईओ जिला परिषद ज्योति ने बताया कि जिले में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत स्वच्छता को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्रामीण क्षेत्रों में 21 से 27 मई 2026 तक सात दिवसीय स्वच्छता जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति व्यापक जागरूकता, व्यवहार परिवर्तन एवं सामुदायिक सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
एडीसी ने बताया कि अभियान के तहत ग्राम पंचायतों में ग्राम सभाएं आयोजित कर ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा घर-घर जाकर लोगों को स्वच्छता अपनाने, गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने तथा कचरा प्रबंधन के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने बताया कि सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल-2026 को केंद्र में रखते हुए डोर-टू-डोर कचरा प्रबंधन, एकल उपयोग प्लास्टिक का प्रयोग न करने, बल्क वेस्ट जनरेटर्स की जिम्मेदारियों तथा सफाई कर्मचारियों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कूड़ा प्रबंधन प्वाइंट एवं वेस्ट हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा और गांवों में सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। अभियान का उद्देश्य घर-घर तक स्वच्छता संदेश पहुंचाना, विद्यार्थियों में स्वच्छ आदतों का विकास करना, सामाजिक सहभागिता बढ़ाना तथा स्वच्छता व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसी कड़ी में शुक्रवार को खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी अंकित यादव द्वारा खंड नूंह की ग्राम पंचायतों में खंड समन्वयक प्रेम कुमार, ग्राम सचिवों एवं सरपंचों के माध्यम से गांव-गांव जाकर लोगों को गीले और सूखे कचरे के पृथक्करण के बारे में जागरूक किया गया। वहीं आजीविका मिशन ग्रामीण के डीपीएम असरी द्वारा स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को घरों से निकलने वाले कचरे को अलग-अलग एकत्रित करने की जानकारी दी गई।
खंड समन्वयक प्रेम कुमार ने स्कूलों में बच्चों को गीले एवं सूखे कचरे के बारे में जानकारी देते हुए स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। बच्चों ने अपने घर एवं आसपास के क्षेत्र को स्वच्छ रखने का संकल्प लिया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







