भूपेंद्र सिंह दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान
रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने शुक्रवार को हिनौती गौधाम में सुरभि एवं गोपाला गौशेड का लोकार्पण किया। इन नए शेड में 1200 से अधिक गौवंश के आश्रय की व्यवस्था की गई है। श्री शुक्ल ने कहा कि हिनौती गौधाम गौसंरक्षण का बड़ा केंद्र बनने जा रहा है और यहां प्राकृतिक खेती की भी शुरुआत की जा रही है।
दिल्ली-प्रयागराज से सीधे पहुंचे गौधाम
उप मुख्यमंत्री नई दिल्ली से चलकर प्रयागराज होते हुए सीधे हिनौती गौधाम पहुंचे। यहां उन्होंने गौपूजन कर गायों को गुड़ खिलाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेड निर्माण का कार्य तेज गति से पूरा कराएं ताकि वर्षा से पहले अधिक से अधिक गौवंश को आश्रय मिल सके।
गौशेड में बिजली-पंखे, पौधों की सिंचाई के निर्देश
श्री शुक्ल ने सभी गौशेड में बिजली व पंखे लगाने और भूसा शेड में बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने गौधाम में लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई की व्यवस्था करने के भी निर्देश दिए। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यह गौधाम आदर्श गौधाम बनेगा, जहां 25 हजार गौवंश के संरक्षण की व्यवस्था की जा रही है।
*गौसेवकों का मानदेय बढ़ेगा, शौचालय की व्यवस्था होगी*
प्रशासनिक भवन में बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्यों की समीक्षा कर गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा करने को कहा। उन्होंने गौधाम के प्रबंधक और गौसेवकों के मानदेय में वृद्धि करने तथा गौसेवकों के लिए शौचालय व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नादघाट पहुंच मार्ग सुधरेगा
ग्राम जनप्रतिनिधियों की मांग पर श्री शुक्ल ने नादघाट के पहुंच मार्ग को दुरुस्त करने और सौंदर्यीकरण की कार्ययोजना बनाने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए। उन्होंने गौधाम के वर्कप्लान का भी अवलोकन किया।
इस दौरान सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम दृष्टि जायसवाल, जनपद अध्यक्ष गंगेव विकास तिवारी, उप मुख्यमंत्री के प्रतिनिधि व गौधाम के सलाहकार राजेश पाण्डेय, सीईओ जनपद प्राची चतुर्वेदी, हरिश्चन्द्र द्विवेदी सहित अधिकारी व गौधाम से जुड़े लोग मौजूद रहे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







