धर्मेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
हाई कोर्ट में विदिशा जिले से संबंधित विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति का जायजा लेने हेतु कलेक्ट्रेट स्थित बेतवा सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया तथा संयुक्त कलेक्टर एवं शाखा प्रभारी सुश्री निकिता तिवारी ने विभागवार प्रकरणों की विस्तार से समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में अधिकारियों से हाई कोर्ट में लंबित प्रकरणों की वर्तमान स्थिति, प्रस्तुत जवाब, पैरावार जानकारी एवं आगामी सुनवाई की तैयारियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। समीक्षा के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि न्यायालयीन प्रकरणों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा समय-सीमा में आवश्यक दस्तावेज एवं जवाब प्रस्तुत किए जाएं।
जिला पंचायत सीईओ श्री ओपी सनोडिया ने कहा कि न्यायालयीन मामलों में विभागीय समन्वय अत्यंत आवश्यक है। सभी विभाग अपने-अपने प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करें तथा प्रकरणों के निराकरण हेतु गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने लंबित मामलों में शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
संयुक्त कलेक्टर एवं शाखा प्रभारी सुश्री निकिता तिवारी ने अधिकारियों से कहा कि न्यायालयीन प्रकरणों की सुनवाई से पूर्व सभी आवश्यक तथ्यों एवं अभिलेखों का परीक्षण कर लिया जाए, जिससे शासन का पक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया जा सके। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को प्रकरणों की अद्यतन जानकारी नियमित रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक में विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे तथा उन्होंने अपने विभाग से संबंधित लंबित प्रकरणों की स्थिति से अवगत कराया। समीक्षा के दौरान प्रकरणों के त्वरित निराकरण और न्यायालयीन कार्यवाही में बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया गया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







