दैनिक केसरिया हिंदुस्तान/संवाददाता धीरेंद्र कुमार जायसवाल/9131419735
गौशाला परिसर के विकास एवं पंचगव्य अनुसंधान को मिलेगी नई दिशा
चांपा | छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल ने शुक्रवार को श्री कृष्ण गौशाला चांपा पहुंचकर प्रस्तावित गौ अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र के संभावित स्थल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौशाला परिसर में संचालित गतिविधियों का अवलोकन करते हुए गौ संरक्षण, संवर्धन एवं पंचगव्य आधारित अनुसंधान कार्यों को बढ़ावा देने आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
निरीक्षण के दौरान गौ अनुसंधान केंद्र में पंचगव्य निर्माण, गौवंश संरक्षण, नस्ल सुधार, चिकित्सा एवं गोबर-गोमूत्र आधारित उत्पादों के अनुसंधान को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बताया गया कि केंद्र के माध्यम से पंचगव्य से निर्मित औषधियों के निर्माण तथा उसके महत्व को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा। साथ ही गौ पालन एवं गौ सेवा के प्रति लोगों को प्रशिक्षित कर जागरूक करने की भी योजना है।
जानकारी के अनुसार भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि अखिलेश कोमल पांडेय ने पूर्व में आयोग अध्यक्ष विशेषर पटेल से मुलाकात कर गौ अनुसंधान केंद्र स्थापना की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा था, जिसके बाद अब इस दिशा में पहल तेज होती दिखाई दे रही है।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले पूर्व राज्यसभा सांसद एवं अनुसूचित जनजाति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नंदकुमार साय की सांसद निधि से 10 लाख रुपए की लागत से श्री कृष्ण गौशाला चांपा में नवीन गौशाला भवन का निर्माण कराया जा चुका है। अब गौ अनुसंधान केंद्र की मांग भी साकार होती नजर आ रही है।
अखिलेश कोमल पांडेय ने बताया कि गौशाला परिसर में जल्द ही नवीन भवन, शेड, बाउंड्रीवाल एवं सौर ऊर्जा संयंत्र का निर्माण कराया जाएगा, जिससे गौवंश को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि इन निर्माण कार्यों के बाद गौवंश की संख्या में वृद्धि के साथ पंचगव्य उत्पादन एवं अनुसंधान कार्यों को भी गति मिलेगी।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







