देवास। जिले के कन्नौद में राष्ट्रीय राजमार्ग-47 निर्माण कार्य को लेकर ग्राम बागनखेड़ा के किसानों का विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। किसानों ने आरोप लगाया है कि सड़क निर्माण और भूमि अधिग्रहण कार्य स्वीकृत LAP नक्शे के अनुसार नहीं किया जा रहा है। इस संबंध में किसानों ने कलेक्टर देवास को आवेदन सौंपकर उच्चस्तरीय जांच, पुनः सीमांकन और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में किसान परमानंद ने बताया कि कलेक्टर के आदेश पर गठित जांच दल द्वारा गांव में सर्वे किया गया, लेकिन मौके पर किसी भी स्थान पर सीमा चिन्ह नहीं लगाए गए। किसानों का आरोप है कि राजस्व विभाग और NHAI अधिकारियों द्वारा स्वीकृत नक्शे तथा वास्तविक निर्माण स्थल का सही मिलान नहीं किया जा रहा, जिससे किसानों में भ्रम और नाराजगी बढ़ रही है।
किसानों के अनुसार सर्वे नंबर 487/1 से 5 तक कुल पांच सर्वे में LAP नक्शे के अनुसार लगभग 460 मीटर लंबाई में सड़क प्रस्तावित है। इसके लिए पूर्व में ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी हो चुकी थी, लेकिन इसके बाद भी अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण के लिए नया अवार्ड जारी किया गया, जिसे किसानों ने अनुचित बताया है।
आवेदन में यह भी आरोप लगाया गया है कि कई बार सीमांकन और पंचनामा की कार्रवाई हुई, लेकिन मौके पर LAP नक्शे के अनुरूप मिलान नहीं कराया गया। किसानों ने कहा कि यदि सही सीमांकन नहीं हुआ तो उनकी निजी भूमि प्रभावित होगी और भविष्य में विवाद की स्थिति बन सकती है।
किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क निर्माण कार्य केवल स्वीकृत LAP नक्शे के अनुसार कराया जाए तथा मौके पर राजस्व अधिकारियों की उपस्थिति में पारदर्शी सीमांकन किया जाए। साथ ही कथित अनियमितताओं में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर कार्रवाई की मांग भी की गई है।
आवेदन में किसानों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि जब तक LAP नक्शे के अनुसार सही सीमांकन नहीं किया जाएगा, तब तक वे अपनी भूमि नहीं छोड़ेंगे। किसानों का कहना है कि वे विकास कार्यों के विरोध में नहीं हैं, लेकिन किसानों के अधिकारों और वैधानिक प्रक्रिया की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







