ओमप्रकाश परमार,
देवास। कृषक कल्याण वर्ष 2026 के अंतर्गत किसानों को खरीफ फसलों की बुवाई से पहले आधुनिक एवं वैज्ञानिक खेती की जानकारी देने के उद्देश्य से कृषि विभाग द्वारा संचालित कृषि रथ सोमवार को ग्राम पंचायत कुसमानिया पहुंचा। कृषि रथ के आगमन पर किसानों में उत्साह देखने को मिला।
कृषि विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह विशेष अभियान 16 मई से 25 मई तक कन्नौद विकासखंड की विभिन्न ग्राम पंचायतों में संचालित किया जा रहा है। अभियान के दौरान कृषि रथ प्रतिदिन चार से पांच पंचायतों में पहुंचकर किसानों को कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की योजनाओं, आधुनिक कृषि तकनीकों और उन्नत खेती के तौर-तरीकों की जानकारी दे रहा है।
कार्यक्रम में उपसंचालक कृषि जिला देवास गोपेश कुमार पाठक ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि खेती में वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर लागत कम और उत्पादन अधिक किया जा सकता है। उन्होंने किसानों को ई-टोकन प्रणाली के माध्यम से खाद प्राप्त करने की प्रक्रिया समझाई तथा समय पर पंजीयन कराने की अपील की।
कार्यशाला में जैविक एवं प्राकृतिक खेती, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, एकीकृत पोषक तत्व प्रबंधन, फसल विविधीकरण, पराली प्रबंधन, उद्यानिकी फसलों के संवर्धन, प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई। किसानों को बताया गया कि मिट्टी परीक्षण के आधार पर संतुलित खाद उपयोग करने से भूमि की उर्वरक क्षमता बनी रहती है और उत्पादन में भी वृद्धि होती है।
किसानों को केवल पारंपरिक फसलों तक सीमित न रहकर मौसम की अनिश्चितताओं को देखते हुए वैकल्पिक एवं लाभकारी फसलों को अपनाने के लिए भी प्रेरित किया गया। कृषि विशेषज्ञों ने कहा कि आधुनिक तकनीकों और सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि पवन भावसार, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी जितेंद्र जाट, कृषि विस्तार अधिकारी दिनेश चौहान, ललित कुमावत, ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर कमल जाधव, ग्राम पंचायत सचिव परसराम उईके सहित बड़ी संख्या में कृषक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में राजेश परमार, माखन जाट, ओमप्रकाश परमार, आसाराम उईके, सीताराम उईके सहित अनेक किसानों ने सहभागिता कर कृषि विशेषज्ञों से खेती संबंधी जानकारी प्राप्त की।
कृषि रथ अभियान किसानों के लिए नई उम्मीद और नई सोच लेकर आया है, जो उन्हें पारंपरिक खेती से आगे बढ़ाकर आधुनिक, लाभकारी और टिकाऊ कृषि की दिशा में प्रेरित कर रहा है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







