खबर का असर : चौकियों पर बढ़ी पुलिस फोर्स, अंबाह में अतिक्रमण हटाने सड़कों पर उतरे पुलिसकर्मी
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान पंकज जैन
अंबाह। अम्बाह शहर में बढ़ते अतिक्रमण, जाम और कानून व्यवस्था को लेकर प्रकाशित खबरों एवं लगातार मिल रही जन शिकायतों के बाद अंबाह पुलिस पूरी तरह सक्रिय नजर आई। पुलिस प्रशासन ने जहां बाजार क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण हटवाए, वहीं शहर की प्रमुख पुलिस चौकियों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर निगरानी और गश्त भी बढ़ा दी गई है।
थाना प्रभारी वीरेश कुशवाह के नेतृत्व में बुधवार शाम एवं गुरुवार सुबह नगर पालिका चौराहा, सदर बाजार, गंज, टॉकीज रोड और पोरसा चौराहा क्षेत्र में पुलिस बल ने पैदल मार्च कर हालात का जायजा लिया। अभियान के दौरान सड़क तक फैले दुकानों के सामान, हाथ ठेले और अव्यवस्थित खड़े ई-रिक्शा हटवाए गए। पुलिस ने दुकानदारों एवं वाहन चालकों को सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध न करने की सख्त हिदायत दी। शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस चौकियों पर भी पुलिस फोर्स बढ़ाई गई है। प्रमुख स्थानों पर जवानों की तैनाती कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस द्वारा देर शाम तक बाजार क्षेत्र में गश्त की जा रही है ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और आम नागरिकों को राहत मिल सके।
थाना प्रभारी वीरेश कुशवाह ने कहा कि शहर की सड़कें आमजन के आवागमन के लिए हैं और किसी भी स्थिति में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बाजार क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाएगी तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की इस सक्रियता का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि लंबे समय बाद बाजार क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी मौजूदगी दिखाई दे रही है, जिससे जाम की समस्या में राहत मिली है और सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







