हरीश कुमार पांडे /जिला ब्यूरो
पीलीभीत। रामाश्रम सत्संग के तत्वावधान में शहर के अग्रवाल सभा भवन में आयोजित तीन दिवसीय अंतःकरण साधना शिविर का शुक्रवार को दूसरे दिन भी श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा के साथ आयोजन हुआ। 7 से 9 मई 2026 तक चलने वाले इस शिविर में बड़ी संख्या में साधक आत्मिक शांति और मानसिक संतुलन की खोज में पहुंच रहे हैं। आज की भागदौड़ और तनावपूर्ण जीवनशैली के बीच लोगों को भीतर की शांति और आत्मिक ऊर्जा से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में ध्यान, आत्मचिंतन और साधना के विभिन्न आयामों से प्रतिभागियों को परिचित कराया जा रहा है। आयोजन का मूल आधार समर्थ गुरु डॉ. चतुर्भुज सहाय जी महाराज की सरल एवं प्रभावी साधना पद्धति है, जिसे सामान्य जीवन में सहज रूप से अपनाने योग्य बताया जाता है। शिविर के दौरान अनुभवी आचार्यों द्वारा साधकों को ध्यान की विधियां सिखाई जा रही हैं। साथ ही भजन-कीर्तन, प्रवचन और सामूहिक ध्यान के माध्यम से ऐसा आध्यात्मिक वातावरण तैयार किया गया है, जो लोगों को भीतर से जोड़ने का कार्य कर रहा है। 7 मई की शाम उद्घाटन सत्र के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी, जबकि शुक्रवार को सुबह और शाम दो अलग-अलग सत्रों में साधना को और गहराई दी गई। आयोजन समिति के अनुसार 9 मई की सुबह समापन सत्र आयोजित होगा, जिसमें ‘प्रसादर्पण’ कार्यक्रम भी शामिल रहेगा। शिविर की खास बात यह है कि इसमें किसी भी जाति, धर्म या वर्ग का व्यक्ति बिना किसी शुल्क के भाग ले सकता है। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम पूरी तरह निःशुल्क है तथा किसी प्रकार का चढ़ावा या दान स्वीकार नहीं किया जाएगा। बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए ठहरने की व्यवस्था भी स्थल पर की गई है, ताकि प्रतिभागी बिना किसी व्यवधान के साधना में पूरी तरह लीन हो सकें। साथ ही शांत एवं एकाग्र वातावरण बनाए रखने के लिए 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चों और अस्वस्थ व्यक्तियों को साथ न लाने की अपील की गई है। शिविर की व्यवस्थाओं में राम प्रकाश अवस्थी, संजीव मोहन अग्रवाल, कान्ती स्वरूप पाण्डेय, संजय पाण्डे, श्रीमती आशा पचौरी और हरीश कुमार पांडे सहित कई सेवादार सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस आध्यात्मिक आयोजन का लाभ उठाने की अपील की है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







