दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान/नीरज चतुर्वेदी
मथुरा। उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन आयुक्त और मथुरा जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में, जनपद में मिलावटखोरी के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया गया है। इसी क्रम में मंगलवार को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने बाजना क्षेत्र में कई डेयरियों पर छापेमारी की, जिसमें भारी अनियमितताएं पाए जाने पर एक डेयरी के संचालन पर तत्काल रोक लगा दी गई।
सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय, धीरेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व और मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के निर्देशन में गठित सचल दल ने बाजना के विभिन्न इलाकों में सघन निरीक्षण किया। टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण कुमार, धर्मेन्द्र सिंह, मोहर सिंह कुशवाह, दलवीर सिंह और भरत सिंह शामिल रहे।
कार्रवाई के दौरान राधे मिल्क प्रोडक्ट्स (पारसौली रोड) पनीर और मिश्रित दूध का एक-एक नमूना, पप्पू डेयरी (प्रो. बलवीर सिंह) से पनीर के दो नमूने।, सिरसा मिल्क प्रोडक्ट्स (प्रो. रिषी) से पनीर और मिश्रित दूध का एक-एक नमूना। सोनू डेयरी (मुड़लिया रोड) से पनीर, मिश्रित दूध और क्रीम का एक-एक नमूना लिए गए। वहीं निरीक्षण के दौरान मुड़लिया रोड स्थित सोनू डेयरी (प्रो. जय प्रकाश) में बेहद अस्वच्छ परिस्थितियों में पनीर का निर्माण होता पाया गया। जनस्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ और स्वच्छता मानकों की अनदेखी पर कड़ा रुख अपनाते हुए विभाग ने एफ.एस.एस. एक्ट 2006 के तहत कार्रवाई की और डेयरी के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी। टीम द्वारा कुल 09 नमूने संग्रहित कर राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजे जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित डेयरी स्वामियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से क्षेत्र के मिलावटखोरों और अस्वच्छ तरीके से खाद्य पदार्थ बनाने वाले संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







