दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान/नीरज चतुर्वेदी
केबिनेट मंत्री ने शिक्षामित्रों का मानदेय 18 हजार रुपए किए जाने पर शिक्षामित्रों को दी शुभकामनाएं
मथुरा: शिक्षामित्रों को 18 हजार रूपये का प्रतीकात्मक चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर किया गया सम्मानित
मथुरा। सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा योगीराज बाबा गम्भीरनाथ प्रेक्षागृह एवं सांस्कृतिक केंद्र, गोरखपुर में आयोजित शिक्षामित्र सम्मान समारोह में प्रदेश सरकार द्वारा 1.43 लाख शिक्षामित्रों की मानदेय बढ़ोतरी पर उपस्थित शिक्षामित्रों को नवीनतम मानदेय रुपए 18 हजार का प्रतीकात्मक चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री जी ने इस अवसर पर प्रदेश के समस्त शिक्षामित्रों, शिक्षक/शिक्षिकाओं को बेसिक स्तर पर नौनिहालों को शिक्षित करने, संवारने एवं उनके भविष्य को तरासने में उनके समर्पित योगदान पर हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के 1.43 लाख शिक्षामित्रों का मानदेय 10 हजार रूपये से बढ़ा कर 18 हजार रूपये कर दिया गया है। साथ ही साथ 05 लाख रूपये की कैशलेश चिकित्सा सुविधा का भी लाभ दिया गया है। जनपद में मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी की मौजूदगी में डैंपियर नगर स्थित पांचजन्य प्रेक्षागृह में शिक्षामित्र सम्मान समारोह का भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। केबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी, विधायक बल्देव पूरन प्रकाश, विधायक गोवर्धन मेघश्याम सिंह, सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी डा. पूजा गुप्ता आदि द्वारा कार्यक्रम का शुभारम्भ मां सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर किया गया। इस अवसर पर सभी अतिथिगणों एवं अधिकारीगणों को पुष्प गुच्छ, पटुका एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री द्वारा शिक्षामित्रों के सम्मान समारोह कार्यक्रम का सजीव प्रसारण जनपद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मंत्री, विधायकगणों, अधिकारीगणों एवं शिक्षामित्रों द्वारा देखा और सुना गया। कार्यक्रम के शुभारम्भ अवसर पर विद्यालय की छात्राओं द्वारा सरस्वती वन्दना एवं स्वागत गीत की मनमोहक प्रस्तुति की गई। विभिन्न स्कूलों की छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गई। मंत्रीजी ने शिक्षामित्र सम्मान समारोह के अवसर पर सभी ब्लॉकों के 2-2 कुल 20 शिक्षामित्रों को 18 हजार रूपये का प्रतीकात्मक चेक एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। जनपद में लगभग 1600 शिक्षामित्र है, जिसमें लगभग 800 शिक्षामित्रों द्वारा कार्यक्रम में प्रतिभाग किया गया।
इस अवसर पर मंत्रीजी ने जनपद के समस्त शिक्षामित्रों को बधाई एवं शुभकामनाएं दिया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्रीजी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने 1.43 लाख परिवारों की चिंता करते हुए यह पुनीत निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री की पवित्र सोच का ही परिणाम है कि आज ज्यादातर योजनाएं गरीबों के कल्याण एवं जरूरतमंदों के हितार्थ ही चलायी जा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जी प्रदेशवासियों के लिए एक नेता का नही बल्कि परिवार का भाव रखते है। उन्होंने कहा कि सरकार ने जनता का भरोसा जीता है, जिसका असर जमीनी स्तर पर दिख रहा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बेसिक शिक्षा का कायाकल्प हुआ है। आज प्रदेश का हर विद्यालय पूर्ण रूप से समस्त सुविधाओं से व्यवस्थित एवं सुसज्जित है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ सहित विकास की सभी बुनियादी जरूरतों का तेजी से विकास हो रहा है। कार्यक्रम में पश्चात् मंत्री गन्ना विकास एवं चीनी मिलें लक्ष्मी नारायण चौधरी एवं जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह ने बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







