दैनिक केसरिया हिंदुस्तान संवाददाता वीरू गौतम
पीलीभीत।रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शादी से असंतुष्ट एक नवविवाहिता ने मानसिक तनाव में आकर नहर में छलांग लगा दी। लेकिन किस्मत ने उसका साथ नहीं छोड़ा और मौके पर मौजूद पूरनपुर के एसडीएम की तत्परता और सूझबूझ ने उसे नई जिंदगी दे दी।
घटना सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है, जब पूरनपुर क्षेत्र के उपजिलाधिकारी अजीत प्रताप सिंह कलीनगर इलाके में नियमित निरीक्षण पर निकले थे। इसी दौरान शाहगढ़ क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास एक महिला को संदिग्ध हालत में इधर-उधर घूमते देखा गया। महिला की गतिविधियों को देखकर एसडीएम को कुछ अनहोनी का अंदेशा हुआ, जिस पर उन्होंने तुरंत अपनी गाड़ी रुकवाई और स्थिति पर नजर बनाए रखी।
कुछ ही पलों बाद महिला तेजी से नहर की पुलिया की ओर बढ़ी और अचानक गहरे पानी में छलांग लगा दी। यह दृश्य देखते ही एसडीएम बिना एक क्षण गंवाए मौके की ओर दौड़े और तुरंत बचाव अभियान शुरू कराया। उन्होंने आसपास मौजूद लोगों को मदद के लिए आवाज दी और खुद भी रेस्क्यू में जुट गए।
अधिकारी और स्थानीय लोगों की संयुक्त कोशिशों से महिला को कुछ ही मिनटों में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अगर थोड़ी भी देरी होती तो महिला की जान बचाना मुश्किल हो सकता था। एसडीएम की त्वरित कार्रवाई ने एक बड़ा हादसा होने से टाल दिया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला से पूछताछ की, जिसमें सामने आया कि उसकी शादी करीब तीन महीने पहले उसकी इच्छा के विरुद्ध कर दी गई थी। इसी वजह से वह मानसिक रूप से काफी परेशान थी और उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
थाना प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि महिला के परिजनों को मौके पर बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया गया है। साथ ही उसकी काउंसलिंग कराई गई है, ताकि भविष्य में वह इस तरह का कोई कदम न उठाए।
इस घटना के बाद क्षेत्र में एसडीएम की सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि अगर अधिकारी इसी तरह संवेदनशील और सतर्क रहें, तो कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







