हेलमेट जागरूकता व ओवरलोडिंग के विरुद्ध पुलिस का विशेष मिशन शहर में निकली सड़क सुरक्षा वाहन रैली ने जीता लोगों का मन

SHARE:

हरीश सोनी जिला संपादक केसरिया हिंदुस्तान

आलीराजपुर। सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को कम करने तथा यातायात नियमों के प्रति आम नागरिकों को जागरूक करने के ध्येय से, पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशों के पालन मे जिला आलीराजपुर में एक व्यापक कार्ययोजना के तहत विशेष अभियान का संचालन किया जा रहा है। इसी तारतम्य में रविवार को पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रदीप पटेल के मार्गदर्शन में जिला पुलिस द्वारा एक हेलमेट सुरक्षा जागरूकता वाहन रैली का आयोजन किया गया।
यह रैली पुलिस नियंत्रण कक्ष से प्रारंभ होकर नगर के एमजी मार्ग, सोरवा नाका, बस स्टैंड और सिनेमा चौराहा जैसे प्रमुख मार्गों से गुजरी। रैली का उद्देश्य केवल नियमों का प्रदर्शन मात्र नहीं, बल्कि आमजन के मानस में जीवन की सुरक्षा की भावना को गहराई से समाहित करना था। पुलिस बल के अनुशासित मार्च के माध्यम से नागरिकों को यह संदेश दिया गया कि हेलमेट पहनना किसी भी परिवार को असमय बिखरने से बचा सकता है। उक्‍त रेली में यातायात, थाना कोतवाली, रक्षित केन्‍द्र, थाना अजाक एवं डीपीओ का समस्‍त बल रेली में सम्मिलित हुआ। बता दे कि पुलिस के इस कदम की जिले भर में सराहना की जा रही है और रविवार को निकली सड़क सुरक्षा वाहन रैली ने लोगों का मन जीत लिया।
उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय के निर्देशों के पालन में यह विशेष अभियान केवल जिला मुख्यालय तक ही सीमित नहीं है, बल्कि संपूर्ण जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में वृहद स्तर पर एक साथ चलाया जा रहा है जिसके तहत सघन चेकिंग पॉइंट लगाकर कार्रवाई भी की जा रही है।
विगत एक सप्ताह के भीतर जिले भर में पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए कुल 1233 उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की है। इसमें हेलमेट न पहनने वाले 742 चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई के साथ 139 गंभीर उल्लंघन कर्ताओं के लाइसेंस निलंबन की प्रक्रिया भी शुरू की है। यात्री वाहनों में ओवरलोडिंग के 93 प्रकरणों और वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन पर भी सख्त कार्रवाई की गई है। इस पूरी अवधि में जिले भर से कुल ₹5,32,400 का समन शुल्क वसूल किया गया है। आगामी एक माह तक यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। विशेष रूप से ग्रामीण अंचलों से श्रमिकों को ले जाने वाले माल वाहक वाहनों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। सुबह के समय विशेष चेकिंग पॉइंट लगाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी वाहन क्षमता से अधिक सवारी न ढोए, जिससे किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।
पुलिस अधीक्षक श्री रघुवंश सिंह ने बताया कि आलीराजपुर पुलिस द्वारा या‍तायात नियमों के प्रति जन जागरूकता अभियान के तहत पूर्व से ही लगातार अभियान चलाया हुआ है। जिसके तहत हेलमेट बैंक की स्‍थापना कर हेलमेट वितरण भी किये गये हैं। “सड़क सुरक्षा एक साझा सामाजिक कर्तव्य है। दुर्घटना के समय हेलमेट ही आपका सबसे विश्वसनीय सुरक्षा कवच है, जो आपके परिवार के भविष्य को सुरक्षित रखता है। आलीराजपुर पुलिस का समस्त जिला वासियों से विनम्र आग्रह है कि वे इस अभियान को अपनी सुरक्षा का संस्कार बनाएं और पुलिस का सहयोग करें, नियमों का पालन करें और सुरक्षित रहें।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment