धर्मेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
विदिशा। जिले में खेल सुविधाओं की बदहाली और खेल प्रशिक्षकों /कोचों के अभाव को लेकर बी.पी.एड. संघ मध्य प्रदेश ने केंद्रीय कृषि मंत्री और क्षेत्रीय सांसद शिवराज सिंह चौहान को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपा है। संघ ने जिले की समृद्ध खेल प्रतिभाओं की अनदेखी पर चिंता व्यक्त करते हुए खेल ढांचे में सुधार की मांग की है। प्रदेश संगठन मंत्री पंकज भार्गव ने बताया कि विदिशा के शासकीय खेल स्टेडियमों में फुटबॉल, एथलेटिक्स, बास्केटबॉल और कुश्ती जैसे प्रमुख खेलों के लिए बुनियादी सुविधाएं केवल कागजों पर सिमट कर रह गई हैं। वर्तमान में केवल कबड्डी के लिए ही प्रशिक्षक उपलब्ध हैं। पूर्व में कार्यरत कुश्ती और वॉलीबॉल कोचों के हटने या अन्य जिलों में अटैच होने से खिलाड़ियों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।
बी.पी.एड. संघ ने मुद्दा उठाया कि विदिशा, सिरोंज, ग्यारसपुर, लटेरी और बासौदा में करोड़ों की लागत से बने भव्य स्टेडियम रखरखाव और कोच न होने के कारण सफेद हाथी बन चुके हैं। तकनीकी प्रशिक्षण की कमी के कारण खेलो इंडिया जैसी बड़ी योजनाओं में स्थानीय खिलाड़ियों का चयन न के बराबर हो रहा है। प्रत्येक तहसील में कम से कम दो स्थाई खेल प्रशिक्षकों की तत्काल नियुक्ति की जाए। स्थाई नियुक्ति होने तक अतिथि खेल प्रशिक्षक या पे एंड प्ले योजना के तहत कोचों की व्यवस्था हो । मध्यप्रदेश की खेल नीति 2005 में आधुनिक आवश्यकताओं के अनुसार संशोधन किया जाए।साथ ही स्थानीय स्तर पर उपलब्ध योग्य और मेडल विजेता खिलाड़ियों को प्राथमिकता देते हुए उन्हें रोजगार के अवसर दिए जाएं।
संघ ने विश्वास जताया है कि केंद्रीय मंत्री के हस्तक्षेप से जिले के खिलाड़ियों को उचित मंच और मार्गदर्शन प्राप्त होगा।इस पर केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मैं दिखवाता हूं।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







