नौशाद अहमद कुरैशी
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
श्योपुर, कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि जनगणना का कार्य अतिमहत्वपूर्ण है, यह राष्ट्रीय गौरव का विषय है, जनगणना कार्य में लगे सभी अधिकारी, कर्मचारी गंभीरता के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए देश हित में अपना योगदान प्रदान करें। वे आज नगरपालिका भवन श्योपुर में आयोजित जनगणना-2027 की शुरूआत के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रही थी। इस अवसर पर उन्होंने शहरी क्षेत्र में नियुक्त किये गये प्रगणकों एवं पर्यवेक्षको को आईडी तथा जनगणना किट प्रदान किये तथा प्रगणकों का माल्यार्पण कर स्वागत भी किया। इसके साथ ही जिलेभर में आज 01 मई से जनगणना कार्य की उत्साहपूर्वक शुरूआत हुई, सभी चार्ज अधिकारियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में जनगणना किट और आईडी प्रगणकों को भेंटकर कार्य की शुरूआत की गई।
नगरपालिका भवन में आयोजित गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान सीईओ जिला पंचायत एवं जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती सौम्या आनंद, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री संजय महाना, सांसद प्रतिनिधि श्री सुजीत गर्ग, चार्ज अधिकारी एवं सीएमओ श्री राधेरमण यादव, प्रभारी जिला योजना अधिकारी श्री गिर्राज शर्मा, श्री आरके निगम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि जनगणना कार्य में लगे सभी अधिकारी एवं कर्मचारी राष्ट्रीय गौरव के सकारात्मक दृष्टिकोण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि पूरे जिले में 1379 एचएलबी अर्थात हाउस लिस्टिंग ब्लॉक बनाये है, जिन्हें प्रगणकों को आवंटित किया गया है। सभी अधिकारी, कर्मचारी जनगणना टीम का हिस्सा है और वे टीम लीडर है, ऐसे में किसी भी प्रकार के सहयोग की आवश्यकता होगी तो जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध कराया जायेगा। इसके साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की है कि आज से मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य शुरू हो गया है, सभी नागरिक जानकारी प्रदान कर सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जनगणना अधिनियम 1948 के तहत एकत्र की गई सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी और किसी भी न्यायालय, जांच या अन्य प्रयोजन के लिए साक्ष्य के रूप में उपयोग नहीं की जा सकेंगी। उन्होंने सभी को कार्य की सफलता के लिए शुभकामनाएं भी दी।
सीईओ जिला पंचायत एवं जिला जनगणना अधिकारी श्रीमती सौम्या आनंद ने कहा कि यह भारत की पहली जनगणना है, जो डिजिटल माध्यम से कराई जा रही है। जनगणना से जन कल्याण तथा हमारी जनगणना हमारा विकास के संकल्प के साथ जनगणना की शुरूआत आज से हो रही है, जनगणना बहुत महत्वपूर्ण है, इससे राष्ट्रीय स्तर पर जनकल्याण की योजनाओं को बनाने में मार्गदर्शन भी प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि सभी प्रगणक, सुपरवाईजर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभायें।
नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री संजय महाना ने सभी नागरिकों से अपील की कि जनगणना के इस महापर्व में सभी सहयोग प्रदान करें और प्रगणकों को सही-सही जानकारी उपलब्ध करायें। इस अवसर पर उन्होंने जनगणना से जुडे सभी अधिकारियों, कर्मचारियों को शुभकामनाएं प्रदान की।
कार्यक्रम का संचालन श्री सुशील दुबे द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन सीएमओ श्री राधेरमण यादव द्वारा व्यक्त किया गया। उल्लेखनीय है कि श्योपुर नगरपालिका क्षेत्र में 140 एचएलबी बनाये गये है, जिनमें 140 प्रगणक तथा 25 सुपरवाईजर नियुक्त किये गये है।
जनगणना किट में ओआरएस पैकेट भी शामिल
जनगणना कार्य के लिए नियुक्त प्रगणकों एवं सुपरवाईजर्स को जनगणना किट में मेडिकल किट भी उपलब्ध कराई गई है, गर्मियों के मौसम को दृष्टिगत रखते हुए मेडिकल किट में ओआरएस के पैकेट तथा अन्य दवाईयां प्रदान की गई है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







