हरीश कुमार पांडे /जिला ब्यूरो
157 छात्र हुए सम्मानित, शिक्षकों और मेंटर्स की मेहनत को भी मिला मंच; गांधी सभागार में गूंजा उत्साह
पीलीभीत। शिक्षा के क्षेत्र में मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहन देने की दिशा में जनपद में एक प्रेरणादायक पहल देखने को मिली। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा (NMMS) 2026-27 में सफल छात्रों के सम्मान में गांधी सभागार में भव्य समारोह आयोजित किया गया, जहां प्रतिभाओं का सम्मान कर उनका हौसला बढ़ाया गया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण रहे जिला टॉपर अनुज कुमार, जिन्हें जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह ने साइकिल और उपहार देकर सम्मानित किया। मरौरी विकास क्षेत्र के पीएमश्री कंपोजिट विद्यालय कैंच के छात्र अनुज ने जिले में शीर्ष स्थान हासिल कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे जनपद को गौरवान्वित किया। जिलाधिकारी ने अपने संबोधन में कहा कि अनुज जैसे छात्र कड़ी मेहनत, अनुशासन और सही मार्गदर्शन का जीवंत उदाहरण हैं। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी प्रेरणा लेने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की अपील की। समारोह में जिले के कुल 157 सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही, उन शिक्षकों और मेंटर्स को भी मंच पर सम्मान मिला, जिन्होंने इन छात्रों को सफलता तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। अधिकारियों ने माना कि विद्यार्थियों की उपलब्धियों के पीछे शिक्षकों का समर्पण और मार्गदर्शन ही असली आधार होता है। कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला। जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार की छात्रवृत्ति योजनाएं आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली छात्रों के लिए नए अवसर खोल रही हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत करने और बड़े लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। यह समारोह न केवल मेधावी छात्रों के सम्मान का अवसर बना, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता और सकारात्मक प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का मजबूत संदेश भी दे गया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







