हरीश कुमार पांडे /जिला ब्यूरो
APEDA-BEDF के सहयोग से तैयार होगा आधुनिक प्रशिक्षण और शोध केंद्र
पीलीभीत। जिले के कृषि और निर्यात क्षेत्र में एक बड़ा बदलाव आने वाला है। पीलीभीत का बासमती चावल अब अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी नई पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है। केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद जितिन प्रसाद ने घोषणा की है कि आने वाले समय में यहां का बासमती चावल दुनिया के 100 देशों तक पहुंचाया जाएगा। इस योजना को जमीन पर उतारने के लिए टांडा बिजैसी में सात एकड़ भूमि बासमती एक्सपोर्ट डेवलपमेंट फाउंडेशन (BEDF) को सौंप दी गई है। यहीं पर एक आधुनिक ‘बासमती एवं जैविक प्रशिक्षण केंद्र-सह-प्रदर्शन फार्म’ विकसित किया जाएगा, जो किसानों के लिए नई तकनीक और अवसरों का केंद्र बनेगा। प्रेस वार्ता में जितिन प्रसाद ने कहा कि पीलीभीत का बासमती कभी देशभर में अपनी खास पहचान रखता था, जिसे फिर से स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस केंद्र के जरिए किसानों को उन्नत बीज, वैज्ञानिक खेती और अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुसार उत्पादन की ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रस्तावित केंद्र में ऑडिटोरियम, आधुनिक लैब, संग्रहालय और जैविक खेती से जुड़े संसाधन उपलब्ध होंगे। इसे भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) से मान्यता दिलाने की भी योजना है, जहां बासमती की नई किस्मों पर शोध और परीक्षण किया जाएगा। जैविक खेती पर जोर देते हुए मंत्री ने कहा कि रसायन मुक्त उत्पादन से भारतीय कृषि उत्पादों की वैश्विक मांग बढ़ेगी। इससे किसानों को बेहतर दाम मिलने के साथ-साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते भी खुलेंगे। यह परियोजना एपीडा (APEDA) और BEDF के सहयोग से तैयार की जा रही है। एपीडा जहां कृषि उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देता है, वहीं BEDF किसानों को तकनीकी सहायता और बाजार से जोड़ने में अहम भूमिका निभाएगा। यह केंद्र केवल पीलीभीत ही नहीं, बल्कि शाहजहांपुर, बरेली और आसपास के जिलों के किसानों के लिए भी उपयोगी साबित होगा। यहां उन्हें निर्यात प्रक्रिया, वैश्विक मानकों और बाजार तक पहुंच की पूरी जानकारी दी जाएगी। कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे। इस दौरान यह भी घोषणा की गई कि केंद्र का नाम वीरांगना अवंती बाई लोधी के नाम पर रखा जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि यह पहल पीलीभीत को बासमती उत्पादन और निर्यात के नक्शे पर नई पहचान दिलाएगी, जिससे किसानों की आय में बढ़ोतरी और कृषि क्षेत्र में नए अवसर पैदा होंगे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







