दैनिक केसरिया हिंदुस्तान राजू मेहरा भोपाल
बैरसिया।। बैरसिया में राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया जब भाजपा जिला अध्यक्ष तीरथ सिंह मीणा द्वारा कांग्रेस नेताओं पर बिना अनुमति धरना-प्रदर्शन करने के आरोप लगाए गए। इस मामले में जिला किसान कांग्रेस भोपाल ग्रामीण के अध्यक्ष रामभाई मेहर ने भाजपा पर सत्ता के दुरुपयोग और विपक्षी आवाज को कुचलने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है।
रामभाई मेहर ने जारी बयान में कहा कि 5 और 6 अप्रैल 2026 को बैरसिया थाना प्रभारी से फोन पर स्पष्ट बातचीत कर शांतिपूर्वक पैदल मार्च और आवेदन सौंपने की जानकारी दी गई थी, जिसके प्रमाण उनके पास मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि न तो किसी मार्ग को अवरुद्ध किया गया और न ही कोई शासकीय कार्य बाधित किया गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस केवल भाजपा विधायक विष्णु खत्री के वेयरहाउस में पाए गए 6522 क्विंटल गेहूं और 11,700 नए सरकारी बारदानों की कथित कालाबाजारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रही थी।
रामभाई मेहर ने सवाल उठाया कि जब संबंधित वेयरहाउस पहले ही ब्लैकलिस्ट हो चुका था और इस संबंध में प्रमुख समाचार पत्रों में खबरें प्रकाशित हो चुकी थीं, तब भाजपा नेता कांग्रेस पर ही झूठे आरोप क्यों लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि असली मुद्दा यह है कि विधायक के वेयरहाउस में सरकारी गेहूं और बारदाने पहुंचे कैसे, और किसानों को बारदानों की कमी बताकर खरीदी क्यों टाली जा रही थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि थाना परिसर की पूरी घटना की पुलिस स्वयं गवाह है, लेकिन अब भाजपा नेताओं के दबाव में पुलिस कार्रवाई करने का प्रयास हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग के आरोपों से ध्यान हटाकर विपक्ष को निशाना बना रहे हैं।
रामभाई मेहर ने दावा किया कि जब वेयरहाउस ब्लैकलिस्ट हुआ और खबरें प्रकाशित हुईं, तब भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने उन्हें फोन कर धमकी भरे अंदाज में कहा— “रामभाई, यह सब आपने करवाया, अच्छा नहीं किया।” उन्होंने कहा कि इस बातचीत के ऑडियो प्रमाण सुरक्षित हैं, जिन्हें समय आने पर कानूनी रूप से सार्वजनिक किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठे आरोपों, ज्ञापनों और एफआईआर की धमकियों से डरने वाली नहीं है। पार्टी किसानों के हितों की रक्षा के लिए कानूनी और शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रखेगी।
अंत में रामभाई मेहर ने भाजपा नेताओं से कहा कि सत्य का साथ दें, इससे जनता में उनकी छवि सुधरेगी, क्योंकि “जनता सब कुछ जानती है।”
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







