सड़क दुर्घटनाओं पर कलेक्टर की अपील: सावधानी बरतें, सुरक्षित परिवहन अपनाएं

SHARE:

श्योपुर, स्थानीय संपादक बंटी सोनी दैनिक केसरी हिंदुस्तान

जिले में हाल ही में हुई गंभीर सड़क दुर्घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर एवं सुश्री शीला दाहिमा ने आमजन से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि हाल के दिनों में ट्रैक्टर के अनियंत्रित होकर पलटने तथा पुल के नीचे गिरने जैसी घटनाओं में कई लोगों की मृत्यु हुई है और अनेक लोग घायल हुए हैं। ये घटनाएं हम सभी के लिए सतर्कता और जिम्मेदारी से वाहन संचालन करने की गंभीर चेतावनी हैं। कलेक्टर ने कहा कि ऐसी दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी नागरिकों को सुरक्षित परिवहन साधनों का उपयोग करना चाहिए और यातायात नियमों का पालन करना आवश्यक है।
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने आमजन से आग्रह किया है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली का उपयोग केवल कृषि कार्यों तक सीमित रखें तथा यात्रियों के परिवहन के लिए सुरक्षित साधनों का चयन करें। किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक लोगों को न बैठाएं और ओवरलोडिंग से बचें। वाहन चलाने से पहले ब्रेक, स्टेयरिंग, टायर एवं लाइट जैसी आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच अवश्य करें। पुल, संकरे मार्ग, ढलान और मोड़ों पर अत्यंत सावधानी से वाहन चलाने तथा पुल पार करते समय जल्दबाजी न करने की सलाह भी दी गई है। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण एवं कच्चे रास्तों पर सावधानी बरतने और रात्रि के समय पर्याप्त रोशनी तथा संकेतों का उपयोग करने की बात कही।
उन्होंने यह भी कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करें तथा थकान, अस्वस्थता या नशे की स्थिति में वाहन चलाने से बचें। सामूहिक कार्यक्रमों या भोज से लौटते समय बस या ऑटो जैसे सुरक्षित साधनों का उपयोग करें और बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को असुरक्षित साधनों में यात्रा न कराएं। चालक अपने साथ वैध ड्राइविंग लाइसेंस रखें तथा यातायात नियमों का पालन करें। दुर्घटना की स्थिति में तुरंत 108, 112 या 100 नंबर पर सूचना देने और घायलों को शीघ्र प्राथमिक उपचार दिलाने में सहयोग करने की अपील भी की गई है।
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा ने कहा कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह स्वयं सतर्क रहे और अपने परिवार तथा समुदाय को भी सुरक्षित व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित करे। उन्होंने कहा कि जनहित में जारी इस अपील का उद्देश्य लोगों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करना है और सभी नागरिकों से अपेक्षा है कि वे इन सावधानियों का पालन कर दुर्घटनाओं को रोकने में प्रशासन का सहयोग करें।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment