दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान/नीरज चतुर्वेदी
मथुरा-वृन्दावन के घाटों के कार्य की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
लापरवाही बरतने पर अधिकारियों को लगायी फटकार
मथुरा। मंत्री, जलशक्ति विभाग ऊ०प्र० स्वतंत्र देव सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आहूत हुई जिसमें वृंदावन स्थित नदी घाटों का विस्तार, नवीनीकरण एवं सौंदर्यीकरण की परियोजना, मथुरा स्थित घाट और वृंदावन स्थित हरगूलाल गूल आदि कार्य परियोजनाओं की समीक्षा की गयी। मंत्रीजी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से कार्य प्रगति की जानकारी भी ली।
वृंदावन स्थित नदी घाटों के विस्तार एवं सौंदर्यीकरण परियोजना की समीक्षा में संज्ञान में आया कि वृन्दावन में केसी घाट से जुगल किशोर घाट तक यमुना के किनारे विभिन्न घाटों के निर्माण हेतु सिंचाई विभाग द्वारा परियोजना निरूपित की गई थी। यू.पी.पी.सी.एल., मथुरा द्वारा कार्य कराये जाने के दौरान वर्ष 2019 में एन.जी.टी. से प्रतिबंध लग जाने के कारण कार्य 2019 से 2024 तक की अवधि में बन्द रहा। दिनांक 14.08.2024 को एन.जी.टी. ने इस प्रतिबंध को हटा दिया। दिनांक 24.08.2024 से पुनः कार्य प्रारम्भ कराया जाना था, परन्तु सिंचाई विभाग और यू.पी. पी.सी.एल. के बीच वर्तमान दरों के सम्बंध में असमंजस/अनिर्णय की स्थिति बनी रही और लगभग दो वर्ष तक यह परियोजना अधर में लटके रहने के बाद वृन्दावन में घाटों के निर्माण का कार्य पुनः जनवरी 2026 में प्रारम्भ हो सका। विगत दो वर्ष तक परियोजना में अनावश्यक विलम्ब करने पर मंत्रीजी द्वारा नाराजगी व्यक्त की गयी। मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप द्वारा मंत्रीजी को अवगत कराया गया कि वृन्दावन में वृन्दावन माइनर और हरगूलाल गूल नाम की सिंचाई चैनल हुआ करती थी, जिससे कि पानी की आपूर्ति श्री बाँके बिहारी जी बगीची, श्रीरंगजी की बगीची और अन्य कुण्डों को हुआ करती थी। परन्तु कालान्तर में शहरीकरण के कारण इन गूल/माइनर में पानी आना बन्द हो गया इनकी पुनस्थापना हेतु उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद, मथुरा द्वारा डी.पी.आर. बनवाई गई परन्तु डी.पी.आर. निरूपण के बाद अग्रिम कार्यवाही नहीं हो सकी। मंत्री स्वतंत्र देव सिंह द्वारा निर्देश दिए गए कि उक्त सभी में प्रत्येक माह समीक्षा की जाएगी। समीक्षा बैठकों में समस्त सम्बंधित अभियंता एवं मण्डलायुक्त, आगरा मण्डल, आगरा उपस्थित रहेंगे। अतः तद्नुसार समीक्षा बैठक की तैयारी हेतु सिंचाई विभाग अग्रिम तैयारी रखे।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







