दैनिक केसरिया, हिन्दुस्तान जिला ब्यूरो मुकेश कुमार, सुपौल
सुपौल। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश के कारण कोसी नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। सोमवार सुबह 10 बजे कोसी बराज से कुल 1 लाख 44 हजार 875 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। बढ़ते जलप्रवाह को देखते हुए जिला प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग ने तटबंधों और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पिछले 24 घंटों में कोसी बराज से छोड़े गए पानी में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। रविवार सुबह 10 बजे बराज से 1 लाख 5 हजार 500 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जबकि सोमवार सुबह यह बढ़कर 1 लाख 44 हजार 875 क्यूसेक पहुंच गया। इस प्रकार एक दिन में लगभग 39 हजार 375 क्यूसेक पानी की बढ़ोतरी हुई है।
जल संसाधन विभाग के अनुसार, वर्तमान में पूर्वी कोसी मुख्य नहर (ईकेएमसी) और पश्चिमी कोसी मुख्य नहर (डब्ल्यूकेएमसी) में पानी का प्रवाह शून्य है। ऐसे में बराज से छोड़ा गया पूरा पानी कोसी नदी की मुख्य धारा में प्रवाहित हो रहा है।
बढ़ते डिस्चार्ज को देखते हुए प्रशासन ने तटबंधों की नियमित निगरानी, संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण तथा संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए हैं। विभागीय अधिकारी बराज की स्थिति और नेपाल से आने वाले जलप्रवाह पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
जिला प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों से अनावश्यक रूप से नदी के समीप नहीं जाने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
विशेषज्ञों का कहना है कि यदि नेपाल के जलग्रहण क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहता है तो आने वाले दिनों में कोसी बराज से पानी का डिस्चार्ज और बढ़ सकता है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







