मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने बनवासी सेवा आश्रम का किया निरीक्षण, आश्रम तक सड़क निर्माण के दिए निर्देश

SHARE:

अमिताभ मिश्रा स्थानीय संपादक जिला सोनभद्र 99357 86278

म्योरपुर । मिर्जापुर मंडल के आयुक्त राजेश प्रकाश ने म्योरपुर स्थित बनवासी सेवा आश्रम का भ्रमण कर विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मुख्य मार्ग से आश्रम के अतिथि गृह तक संपर्क सड़क का निर्माण प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख मानसिंह गोंड एवं खंड विकास अधिकारी दिनेश मिश्रा को आवश्यक कार्यवाही शीघ्र सुनिश्चित करने को कहा, ताकि आश्रम आने-जाने वाले लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके। भ्रमण के दौरान मंडलायुक्त ने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की अनावश्यक बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न सरकारी योजनाओं और विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन में समन्वय बनाकर कार्य करें तथा जनता के हित में चल रहे कार्यों को बिना कारण बाधित न होने दें। निरीक्षण के दौरान खंड विकास अधिकारी दिनेश मिश्रा ने बेलवादह क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माण कार्यों में वन विभाग की ओर से आ रही समस्याओं से मंडलायुक्त को अवगत कराया। इस पर मंडलायुक्त राजेश प्रकाश ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय स्थापित कर समस्या का शीघ्र समाधान करने तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने बनवासी सेवा आश्रम परिसर में संचालित खादी ग्रामोद्योग केंद्र का भी निरीक्षण किया। उन्होंने यहां रेशम उत्पादन, तेल घानी तथा अन्य कुटीर उद्योगों की गतिविधियों का अवलोकन किया और इन प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के ग्रामीण उद्योग स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के साथ-साथ आत्मनिर्भरता को भी बढ़ावा देते हैं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इन गतिविधियों के विस्तार एवं विपणन की संभावनाओं पर भी चर्चा की।
भ्रमण के दौरान मंडलायुक्त ने आश्रम परिसर में संचालित क्रिकेट अकादमी का निरीक्षण करते हुए उसके सुंदरीकरण एवं आवश्यक सुविधाओं के विकास का आश्वासन दिया। इसके साथ ही उन्होंने आश्रम के विचित्र महाकक्ष के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए भी आवश्यक सहयोग प्रदान करने की बात कही।
इस अवसर पर सहायक निदेशक रेशम नागेंद्र राम, डॉ. विभा, शुभा बहन, विमल कुमार सिंह, लालबहादुर सिंह, देवनाथ सिंह,मुलायम, बिहारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं आश्रम से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment