दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
दिव्यांश प्रताप सिंह
खागा/फतेहपुर सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के प्रेमनगर कस्बे में रविवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में एक अधेड़ द्वारा जहरीला पदार्थ खाने से उसकी मौत हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगांव और बाद में जिला अस्पताल फतेहपुर लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, थाना हथगांव क्षेत्र के प्रयागदासपुर मजरा पैगापुर निवासी उदयभान यादव (45) पुत्र कुंजन यादव अपनी पत्नी लालती देवी एवं दो बेटियों के साथ प्रेमनगर कस्बे के भादर रोड स्थित अपने ससुर भोला यादव के मकान में रह रहे थे। रविवार को उनकी पत्नी खेती-बाड़ी के कार्य से गांव गई थीं, जबकि दोनों बेटियां भी शाम को गांव चली गई थीं। इसी दौरान उदयभान घर पर अकेले थे। देर रात उन्होंने संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया।
मृतक की बड़ी बेटी प्रियंशी यादव ने बताया कि रात करीब 11 बजे पड़ोसियों ने घर से कराहने की आवाज सुनकर सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो मकान का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस की मौजूदगी में पड़ोसी के मकान की छत के रास्ते घर के भीतर पहुंचकर दरवाजा खोला गया। इसके बाद डायल-112 की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हथगांव ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने जिला अस्पताल फतेहपुर रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद मृतक की पत्नी लालती देवी, पुत्रियों प्रियंशी एवं साक्षी यादव समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची सुल्तानपुर घोष पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुल्तानपुर घोष पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं परिजनों की तहरीर के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







