पुलिस महानिरीक्षक की अभिनव पहल “हर रविवार–थाना परिवार” का शुभारंभ पुलिस महानिरीक्षक ने थाना ईंटखेड़ी एवं पुलिस अधीक्षक ने थाना सूखी सेवनिया से अभियान का किया शुभारंभ

SHARE:

दैनिक केसरिया हिंदुस्तान राजू मेहरा भोपाल.9425727854

भोपाल।। पुलिस महानिरीक्षक, भोपाल (देहात) ज़ोन श्रीमती रुचिवर्धन मिश्रा की अभिनव पहल *”हर रविवार–थाना परिवार”* के अंतर्गत आज भोपाल (देहात) जिले के समस्त थानों में विशेष स्वास्थ्य एवं कार्य समीक्षा अभियान का शुभारंभ किया गया। इस पहल का उद्देश्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाते हुए स्वस्थ, तनावमुक्त, अनुशासित एवं कार्यकुशल पुलिस बल का निर्माण करना है, जिससे कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती रुचिवर्धन मिश्रा ने थाना ईंटखेड़ी तथा पुलिस अधीक्षक भोपाल (देहात) श्री पंकज कुमार पाण्डेय ने थाना सूखी सेवनिया में कार्यक्रम में सहभागिता की। वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रमोद कुमार सोनकर एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बिलखिरिया श्रीमती अन्तिमा समाधिया ने थाना बिलखिरिया, अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) ईंटखेड़ी सुश्री मंजू चौहान ने थाना परवलिया सड़क तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) बैरसिया सुश्री वैशाली कराहलिया ने थाना बैरसिया में उपस्थित होकर अभियान में सहभागिता की।
सभी अधिकारियों ने प्रातःकालीन गणना में सहभागिता करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ सूक्ष्म व्यायाम, प्राणायाम, ध्यान एवं हार्टफुलनेस मेडिटेशन किया तथा नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त विश्राम, मानसिक स्वास्थ्य, सकारात्मक जीवनशैली एवं वार्षिक स्वास्थ्य परीक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया। अधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ शरीर, शांत मन एवं सकारात्मक सोच प्रभावी पुलिसिंग तथा उत्कृष्ट जनसेवा की आधारशिला है।
स्वास्थ्य एवं फिटनेस गतिविधियों के उपरांत सभी अधिकारियों ने *”हर रविवार–थाना परिवार”* अभियान के अंतर्गत थाना कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान लंबित विवेचनाओं एवं मर्ग डायरियों के समयबद्ध निराकरण, प्रभावी अपराध नियंत्रण, आमजन के प्रति संवेदनशील एवं उत्तरदायी व्यवहार, शिकायतों की निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण जांच, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, वारंट तामीली, विशेष अभियानों हेतु प्रभावी रणनीति एवं उनकी प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालयीन व्यवस्थाओं, मालखाना, अभिलेख संधारण, हवालात सुरक्षा, जब्त संपत्ति के विधिसम्मत निराकरण, संसाधनों के रख-रखाव, वृक्षारोपण एवं हरित वातावरण के विकास सहित अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
वरिष्ठ अधिकारियों ने क्षेत्रीय थानों में अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी प्राप्त की तथा उनके समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। साथ ही 40 वर्ष से अधिक आयु के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की हेल्थ प्रोफाइल तैयार कर नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श, तनाव प्रबंधन तथा शारीरिक एवं मानसिक फिटनेस को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री पंकज कुमार पाण्डेय ने कहा कि *”हर रविवार–थाना परिवार”* केवल स्वास्थ्य संवर्धन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पुलिस कर्मियों के कल्याण, बेहतर थाना प्रबंधन, प्रभावी अपराध नियंत्रण, गुणवत्तापूर्ण विवेचना तथा जनोन्मुखी पुलिसिंग को सुदृढ़ करने की एक सतत पहल है।
भोपाल (देहात) पुलिस द्वारा प्रत्येक रविवार इस अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य संवर्धन, सकारात्मक संवाद, कार्य समीक्षा एवं मार्गदर्शन का कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। यह अभिनव पहल स्वस्थ, तनावमुक्त, अनुशासित, संवेदनशील, उत्तरदायी एवं जनसेवा के प्रति समर्पित पुलिस बल के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी तथा प्रभावी कानून-व्यवस्था एवं उत्कृष्ट पुलिस सेवा को नई गति प्रदान करेगी।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई