हटा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 कार्टून अवैध शराब जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार

SHARE:

संजय रैकवार/जिला ब्यूरो, दमोह
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान

हटा/दमोह। दमोह जिले में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत हटा पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 कार्टून देशी शराब एवं परिवहन में प्रयुक्त वेगनआर कार जब्त की है। जब्त शराब एवं वाहन की कुल कीमत लगभग 3 लाख 38 हजार रुपये आंकी गई है।

पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (आईपीएस) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया तथा एसडीओपी हटा सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी सुधीर कुमार बेगी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दमोह से हटा की ओर जा रही वेगनआर कार क्रमांक MP-20-CD-7357 में अवैध रूप से देशी शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर दमोह नाका हटा पर वाहन चेकिंग के दौरान कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में कार की सीट और डिक्की से 150 पाव देशी लाल प्रिंस तथा 328 पाव देशी प्लेन प्रिंस लेमन सहित कुल 10 कार्टून शराब बरामद हुई।

वाहन में सवार राजा उर्फ इंद्रकुमार नामदेव (26 वर्ष) एवं अभिषेक रैकवार (26 वर्ष), निवासी ग्राम कांटी, शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में दोनों ने शराब बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार करते हुए बताया कि शराब बलराम राय से लाई गई थी। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बलराम पिता रामस्वरूप राय (45 वर्ष), निवासी ग्राम कौड़ता, थाना जबेरा को भी गिरफ्तार कर लिया।

तीनों आरोपियों के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 32(2) एवं 42 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अनिल गौतम, आरक्षक सोनू कुर्मी, संजय अठिया, प्रखर सहित हटा थाना पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई