धर्मेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
संतुलित उर्वरक उपयोग और सिंचाई व्यवस्था की हुई समीक्षा किसानों को खाद, बिजली, सिंचाई, फसल बीमा तथा समर्थन मूल्य पर उपज विक्रय से जुड़ी समस्याओं के त्वरित निराकरण के उद्देश्य से कलेक्टर श्री अंशुल गुप्ता की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित बेतवा सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ ऊर्जा, कृषि, जल संसाधन तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में किसानों द्वारा खाद की उपलब्धता, विद्युत आपूर्ति, सिंचाई सुविधाओं, फसल बीमा दावों के निराकरण तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य पर उपज खरीदी से संबंधित समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की शिकायतों का समयबद्ध एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे उन्हें खेती-किसानी के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने किसानों से अपील की है कि वे मिट्टी परीक्षण की रिपोर्ट के आधार पर ही संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करें। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से उर्वरक प्रयोग करने से मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है, उत्पादन लागत कम होती है तथा फसल की गुणवत्ता और उत्पादकता में वृद्धि होती है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड और मिट्टी परीक्षण के परिणामों के अनुरूप उर्वरक उपयोग के प्रति जागरूक किया जाए। बैठक में अधिकारियों ने बताया कि जिले में खाद वितरण, सिंचाई व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति और समर्थन मूल्य पर उपज खरीदी की तैयारियों की लगातार निगरानी की जा रही है।
कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर किसानों को समय पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि खरीफ सीजन के दौरान किसानों को किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। डीएपी खाद आपूर्ति के संबंध में भी विचार विमर्श किया गया है। किसान संघ के प्रतिनिधि को बताया गया कि प्रदेश में सबसे ज्यादा डीएपी पूर्ति विदिशा जिले में अब तक की गई है। बैठक में डीएपी के वैकल्पिक व्यवस्था, नैनो डीएपी का उपयोग करने की सलाह दी गई है।कलेक्टर श्री गुप्ता ने किसानों से आव्हान किया है कि कृषि क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों का अधिकार से अधिक जिले के कृषक बंधु उपयोग कर जिले की ख्याति में वृद्धि करें ताकि अन्य किसानों को प्रेरणा मिल सकें।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







