दैनिक केसरिया हिंदुस्तान/जिला ब्यूरो भूपेंद्र सिंह गंभीर
एमसीबी/मनेन्द्रगढ़
भारतीय जनता पार्टी द्वारा भारत के महान राष्ट्रवादी चिंतक एवं जनसंघ के संस्थापक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर रविवार को हसदेव मंडल स्थित सांस्कृतिक भवन में जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, मोर्चा-प्रकोष्ठ के कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती शताब्दी पाण्डेय मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ.श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने उनके राष्ट्रहित में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्य वक्ता श्रीमती शताब्दी पाण्डेय ने अपने उद्बोधन में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि “एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे” का उनका संकल्प आज भी प्रत्येक राष्ट्रभक्त के लिए प्रेरणास्रोत है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वर्षों पुराना सपना पूरा हुआ और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर डॉ. मुखर्जी के सपनों को साकार किया गया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे डॉ. मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लें और संगठन को बूथ स्तर तक और अधिक मजबूत करें।
जिलाध्यक्ष श्रीमती चंपा देवी पावले ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं बल्कि राष्ट्रसेवा का संगठन है।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं की निष्ठा और समर्पण ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के आदर्शों पर चलते हुए प्रत्येक कार्यकर्ता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान भी किया।
सम्मेलन में पूर्व जिलाध्यक्ष लखनलाल श्रीवास्तव, नगर निगम महापौर रामनरेश राय, जिला पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन जिला महामंत्री द्वारिका जायसवाल एवं आशीष मजूमदार ने संयुक्त रूप से किया तथा अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बताए मार्ग पर चलकर राष्ट्रहित एवं संगठन हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







