खेत में गिरी मौत की आकाशिय बिजली: माता-पिता की आंखों के सामने 9 वर्षीय आयुष की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

SHARE:

रामचंद्र रावत
केसरिया हिंदुस्तान/ ब्यूरो प्रभारी महाराजगंज

महराजगंज। जनपद के सोनौली कोतवाली क्षेत्र के हनुमानगढ़िया टोला सोहनी में सोमवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। खेत में माता-पिता के साथ धान की नर्सरी (बीया) काटने गए 9 वर्षीय मासूम आयुष चौरसिया की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
हृदय विदारक घटना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हनुमानगढ़िया टोला सोहनी निवासी सुरेश चौरसिया का पुत्र आयुष चौरसिया सोमवार सुबह करीब 7:30 बजे अपने माता-पिता के साथ खेत में धान की नर्सरी काटने गया था। खेत में काम चल ही रहा था कि अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान में काले बादल छा गए और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली खेत में आ गिरी। बिजली की चपेट में आने से मासूम आयुष गंभीर रूप से झुलस गया और उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसा इतना अचानक हुआ कि परिजनों को कुछ समझने का मौका ही नहीं मिला। माता-पिता अपने बेटे को बचाने के लिए चीखते-चिल्लाते रह गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बेटे की मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में जैसे ही घटना की सूचना पहुंची, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और शोकाकुल परिवार को ढांढस बंधाने लगे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और सरकारी राहत प्रदान करने की मांग की है।
बरसात के मौसम में आकाशीय बिजली की घटनाओं में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। प्रशासन और मौसम विशेषज्ञों की ओर से लोगों से अपील की जा रही है कि मौसम खराब होने, तेज गर्जना या बिजली चमकने के दौरान खेतों, खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे काम करने से बचें तथा सुरक्षित स्थान पर शरण लें, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment