प्रभारी डीईओ चौहान की छुट्टी, अमित जैन होंगे नए डीईओ संचालक लोक शिक्षण अधिकारी ने किया आदेश

SHARE:

दैनिक केसरिया हिंदुस्तान से जिला ब्यूरो महेश वर्मा

टीकमगढ़। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) के प्रभार को लेकर पिछले तीन दिनों से चल रहा प्रशासनिक विवाद आखिरकार समाप्त हो गया। लोक शिक्षण संचालक केके द्विवेदी द्वारा गुरुवार को जारी किए गए नए आदेश में स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि अमित जैन को तत्काल प्रभाव से टीकमगढ़ जिला शिक्षा अधिकारी का प्रभार सौंपा जाए। आदेश जारी होने के साथ ही शिक्षा विभाग में चल रही चर्चाओं और असमंजस की स्थिति पर विराम लग गया है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 18 जून को जारी स्थानांतरण आदेश के तहत अमित जैन को पन्ना जिले में अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक अधिकारी के पद से स्थानांतरित कर टीकमगढ़ में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ किया गया था। शासन के आदेश में यह भी उल्लेख था कि उन्हें अस्थायी रूप से जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा जाएगा।

अमित जैन ने शासन के आदेश के बाद टीकमगढ़ पहुंचकर सोमवार को अपनी उपस्थिति दर्ज करा दी थी, लेकिन उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी का प्रभार नहीं मिल सका। तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी हनुमत सिंह चौहान ने यह तर्क दिया था कि कार्यालय में पहले से ही रेनू परस्ते सहायक संचालक के पद पर पदस्थ हैं, ऐसे में एक ही पद पर दो अधिकारियों की पदस्थापना संभव नहीं है। इसी कारण प्रभार हस्तांतरण की प्रक्रिया तीन दिनों तक अटकी रही।

मामला भोपाल स्तर तक पहुंचने के बाद लोक शिक्षण संचालनालय ने पूरे प्रकरण की समीक्षा की। इसके बाद गुरुवार को जारी नए आदेश में स्पष्ट किया गया कि टीकमगढ़ जिला शिक्षा कार्यालय में सहायक संचालक के दो स्वीकृत पद हैं। इसलिए अमित जैन की पदस्थापना पूरी तरह वैध है और उन्हें जिला शिक्षा अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपने में कोई प्रशासनिक बाधा नहीं है।

नए आदेश के जारी होते ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। संचालनालय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शासन के आदेश का पालन करते हुए अमित जैन को तत्काल जिला शिक्षा अधिकारी का प्रभार सौंपा जाए। माना जा रहा है कि अब जिले के शिक्षा प्रशासन में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया शीघ्र पूरी हो जाएगी।

यह मामला पिछले कुछ दिनों से शिक्षा विभाग में चर्चा का विषय बना हुआ था। अब भोपाल से आए स्पष्ट निर्देशों के बाद विवाद समाप्त हो गया है और जिला शिक्षा अधिकारी पद के प्रभार को लेकर बनी अनिश्चितता भी खत्म हो गई है। शिक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की नजर अब इस बात पर है कि नए प्रभार के बाद जिले में शैक्षणिक एवं प्रशासनिक कार्यों को किस प्रकार गति मिलती है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment

best news portal development company in india
सबसे ज्यादा पड़ गई