दिनेश कुमार
दैनिक केसरिया हिंदुस्तान।
महराजगंज । जनपद के फरेंदा तहसील क्षेत्र के ग्राम कुशहा में आबादी क्षेत्र एवं पूजास्थल के समीप देशी शराब की दुकान खोले जाने को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी महराजगंज को शिकायत पत्र देकर निर्माण कार्य पर तत्काल रोक लगाने तथा दुकान को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है।
ग्रामीणों के अनुसार प्रस्तावित शराब की दुकान के 50 मीटर के दायरे में छठ घाट, शिव मंदिर तथा कई आवासीय मकान स्थित हैं। आरोप है कि ठेकेदार रंगीलाल गुप्ता पुत्र लालमन गुप्ता द्वारा नियमों की अनदेखी करते हुए यहां जबरन देशी मदिरा की दुकान का निर्माण कराया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि विरोध करने पर ठेकेदार कथित रूप से धमकी देते हैं कि वह इसी स्थान पर दुकान खोलेंगे और किसी की परवाह नहीं करते। इससे गांव के लोगों में भय और रोष का माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि 22 जून 2026 को इस संबंध में थाना कोल्हुई में प्रार्थना-पत्र दिया गया था। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाय मामले से पल्ला झाड़ लिया। इससे ग्रामीणों की नाराजगी और बढ़ गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर एवं छठ घाट के पास शराब की दुकान खुलने से शराबियों का जमावड़ा लगेगा, जिससे पूजा-अर्चना के लिए आने वाली महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। साथ ही गाली-गलौज, छेड़खानी और मारपीट जैसी घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाएगी। आसपास रहने वाले बच्चों पर भी इसका नकारात्मक प्रभाव पड़ने की बात कही जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश आबकारी नीति में धार्मिक स्थलों और आबादी क्षेत्र के निकट शराब की दुकान संचालित करने संबंधी निर्धारित मानकों की अनदेखी की जा रही है। उन्होंने जिलाधिकारी एवं आबकारी विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर निर्माण कार्य रुकवाने व दुकान को अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







