केसरिया हिंदुस्तान जिला ब्यूरो पवन सोलंकी 9977866230
आमजन एवं पुलिस के मध्य बेहतर संवाद स्थापित करने, नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने तथा जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार (भा.पु.से.) द्वारा जिलेभर में “जनसंवाद अभियान” संचालित किया जा रहा है।
थाना स्टेशन रोड क्षेत्रांतर्गत रुद्राक्ष कॉलोनी में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने क्षेत्र के नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने।
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रवासियों ने सुरक्षा, यातायात, कॉलोनी क्षेत्र की निगरानी व्यवस्था एवं अन्य स्थानीय विषयों से संबंधित समस्याओं एवं सुझावों से पुलिस अधीक्षक को अवगत कराया। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक एवं त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए तथा नागरिकों को आश्वस्त किया कि पुलिस उनकी सुरक्षा एवं समस्याओं के समाधान के लिए सदैव तत्पर है।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने नागरिकों को रतलाम पुलिस द्वारा संचालित अभियान की जानकारी देते हुए अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं कॉलोनियों में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि सीसीटीवी कैमरे अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध गतिविधियों की निगरानी तथा अपराधियों की पहचान एवं गिरफ्तारी में अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहे हैं। जिले में अनेक गंभीर एवं संपत्ति संबंधी अपराधों के खुलासे में नागरिकों द्वारा लगाए गए सीसीटीवी कैमरों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
पुलिस अधीक्षक ने उपस्थित नागरिकों से अपील की कि अपने क्षेत्र में होने वाली किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अवैधानिक कार्य अथवा कानून व्यवस्था से संबंधित जानकारी तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम अथवा नजदीकी पुलिस थाना को उपलब्ध कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
उन्होंने कहा कि अपराध नियंत्रण एवं सुरक्षित समाज के निर्माण में पुलिस और आमजन की सहभागिता अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा जनसहयोग से ही बेहतर कानून व्यवस्था स्थापित की जा सकती है।
कार्यक्रम में प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक अजय सारवान, थाना प्रभारी स्टेशन रोड निरीक्षक जितेन्द्र जादौन, थाना स्टाफ, संबंधित बीट प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर रुद्राक्ष कॉलोनी समिति अध्यक्ष श्री राजेश पटेल, नरेश सेन, भरत प्रजापत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने पुलिस अधीक्षक द्वारा स्वयं क्षेत्र में पहुंचकर संवाद स्थापित करने की पहल की सराहना की तथा पुलिस एवं जनता के मध्य ऐसे कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की अपेक्षा व्यक्त की।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







