प्रदीप तिवारी संभागीय ब्यूरो दैनिक केसरिया हिंदुस्तान
सिंगरौली जिले के चितरंगी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत कोरसर कोठार निवासी विधवा महिला सुखवंती उर्फ सुनीता कोईरी ने घर में चोरी एवं दुकान में आगजनी की घटनाओं में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। न्याय की उम्मीद लेकर पीड़िता मंगलवार को कलेक्टर गौरव बेनल की जनसुनवाई एवं पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची, जहां उन्होंने दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए आवेदन सौंपा।पीड़िता के अनुसार, 17 अप्रैल 2026 को अज्ञात चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात एवं नगदी पार कर दी थी। वहीं करीब छह माह पूर्व उनकी दुकान में भी अज्ञात लोगों द्वारा आग लगा दी गई थी, जिससे दुकान में रखा पूरा सामान जलकर खाक हो गया और उन्हें भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी।महिला का आरोप है कि दोनों घटनाओं की शिकायत कई बार थाना चितरंगी, पुलिस अधीक्षक कार्यालय एवं कलेक्टर कार्यालय में की गई, लेकिन आज तक न तो आरोपियों की पहचान हो सकी और न ही किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई सामने आई। लगातार शिकायतों के बावजूद चितरंगी पुलिस के हाथ खाली रहने से पीड़ित परिवार में आक्रोश व्याप्त है।विधवा महिला सुखवंती उर्फ सुनीता कोईरी ने बताया कि वह छोटे-छोटे बच्चों का पालन-पोषण बेहद कठिन परिस्थितियों में कर रही हैं। चोरी और आगजनी की घटनाओं के बाद उनका परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है, लेकिन प्रशासनिक स्तर पर अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है।
जनसुनवाई में पहुंची पीड़िता ने जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए तथा पीड़ित परिवार को उचित न्याय दिलाया जाए।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







