जीरो टॉलरेंस” फेल?“जीरो टॉलरेंस” के दावों पर असलहे के दम पर डकैती की चोट नकाबपोश बदमाशों का आतंक लाखों की लूट के बाद पुलिस गश्त कटघरे में

SHARE:

दैनिक केसरिया हिन्दुस्तान रविन्द्र वर्मा
अम्बेडकर नगर। जनपद में कार्यभार संभालने के बाद पुलिस कप्तान प्राची सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपराध और अपराधियों के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाने का दावा किया था। उन्होंने कहा था कि अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं होगी और पुलिस पूरी सख्ती से कार्रवाई करेगी। लेकिन मालीपुर थाना क्षेत्र में हुई लाखों की लूट की घटना ने इन दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मालीपुर थाना क्षेत्र के कजरी नंदापुर गांव में शुक्रवार देर रात करीब 1:55 बजे चार नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी और कीमती सामान लूट लिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
पीड़ित अनुज कुमार चौहान के अनुसार बदमाश चेहरे ढककर घर में घुसे और परिवार को आतंकित करते हुए करीब 10 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, ढाई लाख रुपये नकद और अन्य सामान लूटकर फरार हो गए। बदमाशों ने जाते समय अनुज के भांजे विशाल की कनपटी पर पिस्तौल सटा दी, जिससे परिवार सहम गया।
बताया जाता है कि चारों नकाबपोश बदमाश घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान में जुटी हुई है।
घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। क्षेत्राधिकारी जलालपुर अनूप कुमार ने बताया कि कई पुलिस टीमों का गठन किया गया है और जल्द खुलासे का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस गश्त पर भी उठे सवाल

लगातार हो रही चोरी और लूट की घटनाओं के बाद अब ग्रामीण पुलिस गश्त पर भी सवाल उठा रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि रात में प्रभावी गश्त होती तो बदमाश इतनी आसानी से वारदात को अंजाम देकर फरार नहीं हो पाते। ग्रामीणों का आरोप है कि कई इलाकों में रात की गश्त केवल औपचारिकता बनकर रह गई है।
कजरी नंदापुर गांव में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। वहीं मालीपुर, जलालपुर और कटका क्षेत्रों में सक्रिय अंतरजनपदीय चोर गिरोहों का खुलासा भी हो चुका है, बावजूद इसके अपराध थमने का नाम नहीं ले रहे।
लगातार बढ़ती घटनाओं से ग्रामीणों में भय का माहौल है और अब सबकी निगाहें पुलिस प्रशासन पर टिकी हैं कि “जीरो टॉलरेंस” का दावा जमीन पर कब दिखाई देगा।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment