केसरिया हिंदुस्तान ब्यूरो चीफ मनीष कुमार कन्नौजिया
महराजगंज। जनपद के सिसवा नगर पालिका क्षेत्र के मेहदिया पश्चिम टोला में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक परिवार पर भारी पड़ गई। घर निर्माण के दौरान ऊपर से गुजर रहे 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोर कुलदीप यादव पुत्र अवधेश यादव गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
परिजनों के अनुसार कुलदीप के मकान के ऊपर काफी समय से 11 हजार वोल्ट का तार लटका हुआ था, जिसे हटवाने के लिए परिवार पिछले एक महीने से बिजली विभाग और संबंधित जेई के चक्कर लगा रहा था, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। आखिरकार वही लापरवाही एक बड़े हादसे का कारण बन गई।
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल किशोर को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर भेज दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
इस घटना को लेकर एमएलसी प्रतिनिधि एवं सभासद राजन विश्वकर्मा ने बिजली विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि विभाग की लापरवाही के कारण एक मासूम जिंदगी मौत से जंग लड़ रही है। उन्होंने विशेष रूप से संबंधित जेई को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा कि महीनों से शिकायत के बावजूद अधिकारी सिर्फ दौड़ाते रहे और कोई समाधान नहीं किया गया।
राजन विश्वकर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि बच्चे की हालत में कोई अनहोनी होती है तो उसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और संबंधित जेई की होगी। उन्होंने कहा कि बच्चे के स्वस्थ होने के बाद बिजली विभाग के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा तथा दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों में बिजली विभाग के प्रति भारी आक्रोश देखा जा रहा है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा आबादी वाले क्षेत्रों से गुजर रहे खतरनाक बिजली तारों को तत्काल हटाने की मांग की है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







