दैनिक केसरिया हिंदुस्तान/ ब्यूरो सिंगरौली अनुरोध शुक्ला
सिंगरौली/ देवसर में 27वें उर्से खलीकी एवं तीन दिवसीय राष्ट्रीय जलसे की तैयारियां पूरे जोर-शोर से चल रही हैं। यह अज़ीम धार्मिक एवं रूहानी आयोजन 1, 2 और 3 जून को अक़ीदत, एहतराम और इस्लामी जज़्बे के साथ आयोजित किया जाएगा।
इस कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से उलेमा-ए-किराम, नातख्वां, तलबा एवं बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के शामिल होने की संभावना है। आयोजन को लेकर स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
उर्स के साथ दारुल उलूम सुलेमानिया रजविया हबीबिया का सालाना एनुअल फंक्शन भी आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर मदरसे के छात्रों की दस्तारबंदी का विशेष कार्यक्रम रखा गया है, जिसमें दीनी तालीम हासिल करने वाले तलबा को सम्मानित किया जाएगा।
जानकारी के अनुसार हाफिज सलीमुद्दीन ने बताया कि तीन दिवसीय जलसे की तैयारियां व्यापक स्तर पर की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि इल्म, अमन, भाईचारा और मोहब्बत का पैगाम देने वाला एक बड़ा रूहानी मरकज़ है।
कार्यक्रम दारुल उलूम सुलेमानिया रजविया हबीबिया के हेड एवं सज्जादा नशीन सय्यद मौलाना आदिल मियां कादरी की सरपरस्ती में आयोजित किया जाता है। बताया गया कि सय्यद आदिल मियां न सिर्फ दीनी तालीम को बढ़ावा दे रहे हैं, बल्कि दुनियावी शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। इसी उद्देश्य से उन्होंने दानियाल पब्लिक स्कूल की स्थापना की है, जहां बच्चे आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ अच्छे संस्कार भी प्राप्त कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान 1 जून को फातिहा शरीफ से शुरुआत होगी, जबकि 2 जून को नात शरीफ एवं तकरीर का आयोजन किया जाएगा। देशभर से आने वाले उलेमा-ए-किराम इस दौरान उम्मत को दीन, अख़लाक, इंसानियत और मोहब्बत का संदेश देंगे।
उर्स के दौरान तीन दिवसीय मेले का भी आयोजन किया जाएगा, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। हर वर्ष बड़ी संख्या में अकीदतमंद इस उर्स में शामिल होकर रूहानी फैज़ हासिल करते हैं।
इस वर्ष मदरसा प्रबंधन ने बेटियों की तालीम के लिए अलग व्यवस्था शुरू करने का अहम फैसला लिया है, जिसके तहत अब लड़कियों को भी दीनी एवं तालीमी शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी।
आयोजन समिति ने अधिक से अधिक लोगों से उर्स एवं जलसे में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







