संवादाता दिलीप बिरला
सनावद। बेड़िया में अवैध ऑनलाइन दवा विक्रय के विरोध में बेड़िया केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन ने मंगलवार को विधायक कार्यालय में प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन के अध्यक्ष ओमप्रकाश पटेल ने बताया कि ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स तथा मप्र राज्य केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन के आव्हान पर 20 मई को एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल कर मेडिकल दुकानें बंद रखी जाएंगी।
ज्ञापन में ऑनलाइन के माध्यम से नकली दवाओं की बिक्री,भारी छूट और बिना चिकित्सकीय पर्चे के दवाओं के वितरण पर गहरी चिंता व्यक्त की गई है। स्पष्ट वैधानिक प्रावधान के बगैर ऑनलाइन माध्यम से दवाओं की बिक्री, फर्जी ई-प्रिस्क्रिप्शन, बिना वैध चिकित्सकीय परामर्श के घर-घर दवा वितरण तथा अत्यधिक छूट जैसी गतिविधियां करोड़ों मरीजों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुकी हैं। इस कारण देशभर के लाखों लाइसेंसधारी छोटे केमिस्ट एवं दवा व्यापारियों के अस्तित्व पर भी सीधा संकट उत्पन्न हो गया है।
ज्ञापन में कहा गया है कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट, 1940 एवं नियम 1945 में ऑनलाइन दवा बिक्री का कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं होने के बावजूद विभिन्न ऑनलाइन कंपनियों वर्षों से बड़े पैमाने पर दवाओं की बिक्री कर रही हैं। वर्ष 2018 में केवल जनमत आमंत्रित करने हेतु जारी अधिसूचना जीएसआर 817 (इ) अब अप्रासंगिक एवं निरर्थक हो चुकी है।ज्ञापन के अनुसार कोविड महामारी जैसी असाधारण परिस्थिति में जारी जीएसआर 220 (ई) के प्रावधान वर्तमान सामान्य परिस्थितियों में आवश्यक नहीं हैं। किंतु इसका दुरुपयोग विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्म एवं क्रिक कॉमर्स कंपनियों द्वारा दवाओं की अनियंत्रित होम डिलीवरी हेतु किया जा रहा है। ज्ञापन में अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री के विरुद्ध तत्काल एवं कठोर कार्यवाही, बिना वैध एवं सत्यापित ई-प्रिस्क्रिप्शन के दवाओं की बिक्री एवं होम डिलीवरी पर पूर्णतः प्रतिबंध, जीएसरार 817 (इ) एवं जीएसआर 220 (ई) को तत्काल प्रभाव से वापस लेने और
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म द्वारा दी जा रही अत्यधिक छूट नीति पर रोक लगाने की मांग की गई है।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







