दैनिक केसरिया हिंदुस्तान राजू मेहरा भोपाल.9425727854
बैरसिया। स्थानीय सरस्वती शिशु मंदिर विद्या विहार बैरसिया में विद्या भारती मध्य भारत प्रांत की योजना अनुसार आयोजित 10 दिवसीय आचार्य दक्षता प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ 9 मई की सायंकाल से हुआ। प्रशिक्षण वर्ग के द्वितीय दिवस पर विद्या भारती मध्य क्षेत्र के क्षेत्रीय संगठन मंत्री अखिलेश मिश्रा का आगमन हुआ। साथ मै विद्या विहार समिति के सचिव दीपक दुबे उपस्थित थे उनका स्वागत वर्ग पालक अधिकारी राजेंद्र सिंह परमार, वर्ग संयोजक रामकुमार व्यास, समिति व्यवस्थापक श्री दीपक दुबे एवं विद्या विहार के प्राचार्य सुनील कुमार नागर द्वारा किया गया।
इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में श्री अखिलेश मिश्रा ने “पुण्य भूमि भारत का सांस्कृतिक परिचय” विषय पर प्रशिक्षार्थियों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आचार्य दक्षता वर्ग, आचार्य सामान्य प्रशिक्षण वर्ग की अगली महत्वपूर्ण सीढ़ी है तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 भारत केंद्रित शिक्षा व्यवस्था को पुनर्स्थापित करने का प्रयास है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व 1968 एवं 1986 में भी शिक्षा नीतियां बनीं, किंतु उनमें भारतीयता का समुचित समावेश नहीं था।
श्री मिश्रा ने कहा कि अंग्रेजी शासन के प्रभाव से हमारी शिक्षा व्यवस्था भारतीय संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से दूर होती चली गई। मुगलों का इतिहास विस्तार से पढ़ाया गया, जबकि शिवाजी महाराज, महाराणा प्रताप, आर्यभट्ट, भास्कराचार्य, चाणक्य और महर्षि कणाद जैसे महान भारतीय विभूतियों का समुचित अध्ययन नहीं कराया गया। उन्होंने भारतीय ज्ञान परंपरा को समझने और नई पीढ़ी तक पहुंचाने पर बल दिया।
उन्होंने बताया कि प्राचीन भारत में प्रत्येक गांव में पाठशालाएं थीं तथा तक्षशिला, नालंदा, विक्रमशिला और काशी जैसे विद्या केंद्र विश्वविख्यात थे। ह्वेनसांग और मैगस्थनीज जैसे विदेशी यात्रियों ने भी भारत की समृद्ध संस्कृति और शिक्षा व्यवस्था का गौरवपूर्ण वर्णन किया है।
वक्ता ने कहा कि वेद, उपनिषद, यज्ञ, हवन, चिकित्सा, साहित्य, कला और विज्ञान जैसे विषयों पर भारत में प्राचीन काल से व्यापक कार्य हुआ है। दिल्ली स्थित कुतुबमीनार के समीप का लौह स्तंभ भारतीय विज्ञान की उत्कृष्टता का उदाहरण है। उन्होंने प्रशिक्षार्थियों से भारतीय संस्कृति, संस्कृत भाषा और भारतीय ज्ञान परंपरा के अध्ययन एवं प्रचार-प्रसार का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रशिक्षार्थियों ने विषय को अत्यंत प्रेरणादायी बताते हुए भारतीय संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन हेतु संकल्प लिया।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







