हरीश सोनी जिला संपादक केसरिया हिंदुस्तान
आलीराजपुर। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत बुधवार को जिले के कट्ठीवाड़ा, जोबट और आलीराजपुर जनपद पंचायत में सामूहिक विवाह सम्मेलन का आयोजन किया गया। इस आयोजन में आलीराजपुर जनपद के 57 जोबट के 55 और कट्ठीवाड़ा के 51 जोड़ों सहित कुल 163 नवदंपत्तियों का समारोहपूर्वक वैवाहिक गठबंधन संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, जोबट विधायक सेना पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष हजरी खरत, कलेक्टर नीतू माथुर, जिला पंचायत सीईओ संघमित्रा गौतम, अनुविभागीय अधिकारी निधि मिश्रा, प्रभारी जनपद पंचायत सीईओ आलीराजपुर एवं डिप्टी कलेक्टर निर्मला कलमे सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारीगण रहे।
*प्रकृति के संरक्षण व नशामुक्ति का संकल्प दिलाया*
कार्यक्रम के दौरान मंत्री नागर सिंह चौहान ने सभी नवदंपत्तियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आपका वैवाहिक जीवन सुंदर, वैभवशाली व यशस्वी हो यही कामना है। उन्होंने सभी नवदंपतियों को प्रकृति का संरक्षण करने व नशे से दूर रहने का सभी नवदंपत्तियों को संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि किसी को अच्छा व्यापार, खेती किसानी या उद्योग करना है तो शासन की योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ अवश्य लें।
जीवन भर एक दूसरे का साथ निभाएं
जोबट विधायक सेना पटेल ने इस अवसर पर नए जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि आज से नवदंपत्तियों का नये जीवन का श्री गणेश हुआ है तो सभी अपने परिवार के साथ खुश रहे तथा किसी भी परिस्थिति में जीवन भर एक दूसरे का साथ निभाएं और अच्छे विचारों के साथ जीवन की शुरुआत कर जीवन को खुशहाल बनाएं।
दोनों परिवारों का करें पूरा सम्मान
कलेक्टर नीतू माथुर ने सभी जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विवाह होने पर आप पूरे परिवार से जुड़ते है। इसलिए दोनों परिवार को अपना कर साथ निभाना और हमेशा सम्मान करना।
गायत्री पद्धति से 163 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना अंतर्गत सामूहिक विवाह समारोह कार्यक्रम में आचार्यों द्वारा गायत्री पद्धति से विधि-विधान के साथ अग्नि के समक्ष सभी जोड़ों का वैवाहिक गठबंधन संस्कार संपन्न कराया। इस अवसर पर नवदंपत्तियों को सुखी, समृद्ध और मंगलमय जीवन के लिए आशीर्वाद दिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों द्वारा नवदंपत्तियों को स्वीकृति पत्र भी वितरित किए गए। समारोह उपरांत सभी नव दंपत्तियों के लिए भोजन व्यव्स्था भी की गई।
Author: Dainik kesariya Hindustan
सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949







