कलेक्टर ने सिंहनिवास में पारंपरिक चारपाई निर्माण कार्य का किया अवलोकन पीढ़ियों से चल रहे चारपाई बुनाई व्यवसाय को सराहा

SHARE:

दैनिक केसरिया हिंदुस्तान से मुकेश चौधरी

शिवपुरी। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री अर्पित वर्मा ने जिले के भ्रमण के दौरान ग्राम सिंहनिवास में पारंपरिक तरीके से तैयार की जा रही चारपाई निर्माण प्रक्रिया का अवलोकन कर ग्रामीण कारीगर श्री सिरनाम परिहार का उत्साहवर्धन किया। मार्ग में चारपाई बुनते ग्रामीणों को देखकर उन्होंने वाहन रुकवाया और मौके पर पहुंचकर कारीगर श्री सिरनाम परिहार से आत्मीय संवाद स्थापित करते हुए निर्माण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
कलेक्टर श्री अर्पित वर्मा को कारीगर श्री परिहार ने बताया कि उनका परिवार पीढ़ियों से इस पारंपरिक व्यवसाय से जुड़ा हुआ है और स्थानीय स्तर पर अपने कौशल से आजीविका अर्जित कर रहा है। उन्होंने बताया कि चारपाई निर्माण के लिए लोहे की पट्टियां बाहर से मंगाई जाती हैं, जो आधार के रूप में उपयोग होती हैं, तत्पश्चात नायलॉन, नारियल अथवा सूती रस्सियों से कुशलतापूर्वक बुनाई कर लगभग दो से तीन दिवस में एक मजबूत एवं टिकाऊ चारपाई तैयार की जाती है।
कलेक्टर श्री वर्मा ने इस पारंपरिक कला एवं श्रमशीलता की सराहना करते हुए प्रसन्नता व्यक्त की और स्वयं चारपाई पर बैठकर निर्माण प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने तैयार उत्पाद की गुणवत्ता एवं मूल्य की जानकारी ली, जिस पर बताया गया कि सूती एवं नारियल डोरी से बनी चारपाई 1000 रुपये तथा नायलॉन रस्सी से बनी चारपाई 1200 रुपये में विक्रय की जाती है। कलेक्टर ने इसे स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए इसकी सराहना की। इस दौरान उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों से भी संवाद कर उनके कार्य एवं आय के स्रोतों की जानकारी प्राप्त की। साथ ही बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय जाने, शिक्षा ग्रहण करने एवं अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर की इस संवाद से ग्रामीणों में उत्साह का वातावरण निर्मित हुआ है तथा पारंपरिक व्यवसायों के संरक्षण एवं संवर्धन को बल मिला है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment