जल गंगा संवर्धन योजना के तहत भितरवार में स्वच्छता का जनआंदोलन, महिलाओं की सराहनीय भागीदारी

SHARE:

दैनिक केसरिया हिंदुस्तान जिला ब्यूरो लोकेंद्र सोलंकी

स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने संभाली जिम्मेदारी
हैंडपंप, नालियों, स्कूल, आंगनबाड़ी व मंदिरों में किया श्रमदान
जनभागीदारी से स्वच्छता और जल संरक्षण का दिया संदेश
भितरवार। मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ग्वालियर सोजन सिंह रावत के मार्गदर्शन में जल गंगा संवर्धन योजना के अंतर्गत मध्य प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जनपद पंचायत भितरवार द्वारा 3 मई 2026 को स्वच्छता एवं जल संरक्षण को लेकर व्यापक जनआंदोलन चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जल स्रोतों का संरक्षण सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के तहत जनपद क्षेत्र की सभी ग्राम पंचायतों में ग्राम संगठन स्तर पर स्वयं सहायता समूह की महिलाओं (दीदियों) ने स्वप्रेरणा से भाग लेते हुए हैंडपंप, नालियों, शासकीय स्कूलों, आंगनबाड़ी केंद्रों एवं मंदिर परिसरों की साफ-सफाई का कार्य किया। इसके साथ ही कई स्थानों पर सोखता पिट निर्माण एवं जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के प्रयास भी किए गए। महिलाओं ने पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ श्रमदान कर यह संदेश दिया कि स्वच्छता और जल संरक्षण सामूहिक प्रयास से ही संभव है।
इस अभियान में ग्रामीणों की भी सक्रिय सहभागिता देखने को मिली, जिससे यह कार्यक्रम एक जनआंदोलन का रूप लेता नजर आया। स्थानीय स्तर पर लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, जल स्रोतों को प्रदूषण से बचाने एवं वर्षा जल के संचयन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विकासखंड प्रबंधक रघुवीर सिंह धाकड़, सहायक विकासखंड प्रबंधक देवेश कुमार मुदगल, गजेंद्र सिंह राणा एवं हरवीर सिंह भदौरिया उपस्थित रहे और उन्होंने समूह की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया। वहीं जिला पंचायत ग्वालियर से जिला प्रबंधक अमित खरे भी कार्यक्रम में शामिल हुए तथा विभिन्न गतिविधियों का निरीक्षण कर आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार के जनसहभागिता आधारित अभियान ग्रामीण विकास की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और इससे न केवल स्वच्छता को बढ़ावा मिलता है, बल्कि जल संरक्षण के प्रति भी लोगों में स्थायी जागरूकता विकसित होती है।

Dainik kesariya Hindustan
Author: Dainik kesariya Hindustan

सिर्फ खबरों से संबंधित ही संपर्क करें सम्पादक अशोक सोनी 9009601101 जुड़ने के लिए सम्पर्क करे प्रबंधक उजाला 8602385387 खबरों के लिए सम्पर्क करे दीपेश माहौर 8463846949

Leave a Comment